Auraiya Murder: यूरिया पंप पर लेटे किसान की गला रेतकर हत्या, बेटे के ससुरालियों पर आरोप, तनाव को देखते हुए कई थानों का फोर्स तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में यूरिया पंप पर लेटे किसान की गला रेतकर हत्या।

औरैया में यूरिया पंप पर लेटे किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बेटे के ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया। तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई।

औरैया, अमृत विचार। कुदरकोट थाना अंतर्गत बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के कट के निकट बने यूरिया पंप पर एक किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सुबह जब परिजनों ने शव देखा तो कोहराम मच गया। परिजनों ने बेटे के ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया। वहीं, गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों का फोर्स तैनात किया गया। पुलिस ने ससुरालियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। एसपी चारु निगम भी घटनास्थल पर पहुंची।

नगला जादव निवासी 45 वर्षीय जनवेद यादव पुत्र साहिब सिंह गांव के बाहर बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के कट पर बने एक यूरिया पंप पर रहता था। शनिवार की सुबह काफी देर तक बाहर न आने पर लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर आए तो देखा जनवेद यादव का शव पड़ा था। धारदार हथियार से गला रेता गया था। चोट के निशान भी थे। हत्या से तनाव की स्थिति हो गई। कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई।

परिजनों का आरोप था की मृतक के बेटे शिवम की शादी तीन साल पहले पाता के पास गांव से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल से तनाव चल रहा था। बीते महीने बेटे के ससुराली आए और सब सामान भरकर ले गए और दोनो पक्षों में मारपीट भी हुई। जिसकी सूचना कुदरकोट थाने में दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। परिजनों का आरोप है की ससुरालियों ने ही हत्या की। पुलिस ने मृतक के बेटे के ससुरालियों को हिरासत में ले लिया। एसपी चारु निगम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। मौके पर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात है। एसपी चारु निगम ने बताया जिन पर आरोप लगाया गया उन्हे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।

रात दो बजे के बाद हुई हत्या

मृतक के बेटे ने बताया की रात 1:30 बजे के बाद किसी ट्रक चालक ने पंप पर यूरिया डलवाई थी। जिसका ऑनलाइन पेमेंट किया तब पापा का फोन आया था की पेमेंट पहुंचा की नहीं। जिस पर दो बजे के करीब उसने पेमेंट आने की पुष्टि कर दी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है की रात दो बजे के बाद हत्या हुई है। पुलिस सभी बिंदुओं की गहनता से जांच और रही है।

ये भी पढ़ें- Kanpur News: शोहदे ने प्राइवेट हॉस्पिटल की नर्सिंग स्टाफ का किया अपहरण... परिजनों ने पुलिस से की शिकायत

संबंधित समाचार