रुद्रपुर: 20 लाख का बयाना देने पर दबंग ने नहीं दिया कब्जा, 4.25 करोड़ में हुआ था जमीन का सौदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बरेली के रहने वाले एक व्यक्ति ने भमरौला के एक दबंग पर बीस लाख रुपये का बयाना देने के बाद भी जमीन पर कब्जा नहीं देने का आरोप लगाया है। आरोप था कि जब खेत में जाने का प्रयास किया जाता है तो दबंग के बेटे राइफल लेकर मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार पीर बहोड़ा इज्जतनगर बरेली यूपी के रहने वाले शरीफ खान ने बताया कि 4 जून 2019 को उसने ग्राम भमरौला के रहने वाले एक व्यक्ति से पांच एकड़ जमीन का सौदा 25 लाख रुपये एकड़ के हिसाब से किया था। साथ ही बयाने के तौर पर 20 लाख रुपये भी दिए थे, जबकि पांच एकड़ जमीन की कीमत 4.25 करोड़ रुपये तय हुई थी।

आरोप था कि जब जमीन पर कब्जा मांगा तो दबंग ने कब्जा देने से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं खेत में जाने पर दबंग के बेटे ने राइफल दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बयाने के तौर पर दी गई रकम को वापस दिलाने की मांग की है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार