मुरादाबाद : बच्चे की दवाई लेकर लौट रहे बाइक सवार दंपति पर तेंदुए ने मारा झपट्टा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बच्चे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया पिता, तेंदुए ने पंजा मारकर पिता को किया घायल, तेंदुए की तलाश में मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। दो साल के बच्चे की दवाई लेकर लौट रहे बाइक सवार दंपति पर तेंदुए ने झपट्टा मार दिया। तेंदुए ने कंबल में लिपटे बच्चे को महिला से छिनने का प्रयास किया। इस पर बच्चे का पिता तेंदुए से भिड़ गया। तेंदुए ने पंजा मारकर पिता को घायल कर दिया। इस दौरान राहगीरों की भीड़ ने तेंदुए को पत्थर आदि फेंक कर शोर मचाते हुए भगा दिया।

कोतवाली क्षेत्र के गांव शिवनगर पत्थर खेड़ा निवासी सतपाल सिंह अपनी पत्नी आरती देवी व दो वर्षीय बेटे शिवम को बीती रात करीब साढ़े आठ बजे फसियापूरा पदार्थ में डॉक्टर से दवा दिलाकर घर जा रहा था। किशनपुर-फसियापुरा पदार्थ के बीच सड़क किनारे देवी स्थान के निकट झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने सतपाल की बाइक पर हमला कर दिया। इससे बाइक सड़क पर गिर गई। तेंदुए ने आरती की गोद से कंबल में लिपटे शिवम को छीनने का प्रयास किया। बेटे को बचाने के लिए सतपाल तेंदुए से भिड़ गया। दंपति ने शोर मचा दिया।

 जिसे सुनकर उधर से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शोर मचाते पत्थर फेंक कर तेंदुए को खदेड़ दिया। इस दौरान तेंदुए ने सतपाल के पैर में पंजा मारकर घायल कर दिया। घायल सतपाल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर उपचार कराया। ग्रीमणों का कहना है कि करीब एक सप्ताह से लगातार तेंदुआ दिखाई दे रहा है। इससे क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है। सूचना मिलने पर वन विभाग के दरोगा पीयूष जोशी, मदन सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंच कर तेंदुए की तलाश की, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : रेलवे की अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में परिचालन विभाग की टीम ने दर्ज की जीत

संबंधित समाचार