रुद्रपुर: शादीशुदा बेटी की जिंदगी को छिपाकर दूसरी सगाई की 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। बरेली यूपी की रहने वाले एक परिवार ने शादीशुदा बेटी की जिंदगी को छिपाते हुए अपनी बेटी की दूसरी सगाई कर डाली। जब इस बात का खुलासा होने लगा तो रातों रात लड़की का परिवार सगाई और गोदभराई में मिले लाखों के जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए। जिस पर पूर्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

पूर्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय नीरज कुमार सक्सेना ने बताया कि वह पक्का खेड़ा रुद्रपुर में रहते हैं। नीरज ने बताया कि 2 जुलाई 2023 को शहर के एक होटल में उसके बेटे मोहित सक्सेना की सगाई सुरभि बरतरिया निवासी साउथ सिटी कॉलोनी पराग डेयरी कररौना बदायूं रोड बरेली यूपी के साथ होनी थी, शाम को सुरभि बरतरिया का पूरा परिवार गोद भराई और सगाई समारोह में आया, जहां परिवार के व्यवहार और कई संदिग्ध हरकतें दिखाई देनी लगी। इस दौरान होटल के खर्च से लेकर रिश्तेदारों द्वारा गोद भराई में जेवरात सहित लाखों रुपये की नकदी दी, यहां तक जेवरात ही लाखों कीमत के थे।

आरोप था कि रात्रि 12 बजे पूरा परिवार बिना बताए बरेली चला गया, जबकि परिवार के लिए दो कमरे भी बुक किए हुए थे। सुबह होने पर जब पड़ताल की तो पता चला कि सुरभि बरतरिया शादीशुदा है और उसका अभी तक अपने पति से तलाक तक नहीं हुआ है। आरोप था कि पूरे परिवार ने बेटी की शादीशुदा जिंदगी के बारे में कुछ नहीं बताया था और बार-बार गुमराह व धोखा देते रहे।

जब सुरभि बरतिया के परिवार से दिया गया सामान व जेवरात मांगे तो दहेज मांगने के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां मिलनी शुरू हो गई। काफी दबाव बनाने के बाद भी परिवार नहीं माना तो पूर्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम की तहरीर पर पुलिस ने सुरभि बरतरिया, उसकी बहन सिवि बरतरिया, भाई आशुतोष बरतरिया, मां सीमा रानी, पिता सर्वेश बरतरिया, मामा व ताऊ के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।  

संबंधित समाचार