अयोध्या: रेल संरक्षा आयुक्त ने लिया दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य का जायजा, अधिकारियों को दिया यह निर्देश
अयोध्या। रामनगरी के निर्माणाधीन राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व यात्रियों को आधुनिक एवं द्रुतिगामी रेल सुविधा एवं व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए रेल विभाग कवायद में जुटा है। प्रखंड पर अधूरे रेलपथ के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण को जल्द से जल्द पूरा कर इस पथ पर द्रुतगामी ट्रेनों के संचालन और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की कवायद के तहत रेल संरक्षा आयुक्त ने रेलपथ का जायजा लिया है और सोहावल से अयोध्या जंक्शन के बीच अवशेष कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने की हिदायत दी है।
रेलवे की ओर से बाराबंकी से शाहगंज जौनपुर रेल खंड वाया अकबरपुर कुल 237.65 किमी रेलपथ पर शाहगंज-जौनपुर के बीच 33.34 किमी, रुदौली-सोहावल के मध्य 22.84 किमी, सफदरगंज से रसौली के मध्य 10.94 किमी., दर्शंनगर से अकबरपुर के मध्य 48.96 किमी. एवं अयोध्या जं. व दर्शननगर के बीच नवनिर्मित 4.90 किमी. रेल मार्ग के दोहरीकरण व विद्युतीकरण की कमीशनिंग का कार्य संपन्न करवा परिचालन किया जा रहा है।
वहीं अयोध्या जंक्शन और सोहावल रेलवे स्टेशन के बीच कार्य कराया जा रहा है और इसको जल्दी पूरा कराने की तैयारी है। सोमवार को रेल संरक्षा आयुक्त, उत्तर परिमंडल दिनेश चंद देशवाल ने रुदौली-रौजागाँव–पटरंगा रेलखंड पर नवनिर्मित 14.49 किमी. रेलपथ के दोहरीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य का ट्राली निरीक्षण और स्पीड ट्रायल किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे रेखा शर्मा ने बताया कि पटरंगा से रुदौली वाया रौजागाँव रेल पथ के कार्य की स्वीकृति के उपरांत इस प्रखंड पर कुल 140.37 किमी का कार्य पूर्ण हो जाएगा। उन्होंने बताया कि रेल संरक्षा आयुक्त ने पटरंगा व रौजागाँव स्टेशनों, पैनल रूम, संरक्षा अभिलेख, संरक्षा संबंधी सभी आवश्यक मानकों, संसाधनों, उपकरणों और मार्ग में पड़ने वाले, समपार फाटकों, क्रासिंग, ओवरहेड करेंट इंस्टालेश, टर्न आउट, सिग्नलिंग व्यवस्था आदि का निरीक्षण और रुदौली से पटरंगा के मध्य स्पीड ट्रायल किया है। समीक्षा कर आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिया है। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक डॉ. मनीष थपल्याल, मुख्य अभियंता (निर्माण) सुरेश कुमार सपरा मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: संगम में कल्पवासियों के लिए तैयार होगी काशी-मथुरा की मुक्ति की पृष्ठभूमि, साधू-संतों ने बनाया यह खास प्लान!
