लखनऊ: कांग्रेस ने 'यूपी जोड़ो यात्रा' का किया ऐलान, राहुल और प्रियंका गांधी होंगे शामिल!
लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। देश के कई राज्यों में निकली इस यात्रा को लेकर काफी चर्चा भी हुई। इस दौरान माना जा रहा था कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से देश के पांच राज्यों में होने वाले चुनावों में कांग्रेस को जीत मिलेगी।
हालांकि चुनावी नतीजों से कांग्रेस को निराशा मिली। वहीं लोकसभा चुनाव से पहले भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने यूपी जोड़ो यात्रा निकालने का ऐलान किया है। वहीं इस यात्रा में प्रियंका गांधी भी शामिल हो सकती हैं। इस बात की जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी।
बता दें कि पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजों आने के बाद कांग्रेस अब एक्टिव मोड में नजर आ रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर यूपी में कांग्रेस पूरी तरह से तैयारियों में जुट गई है। वहीं चुनाव से पहले कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 20 दिसंबर से यूपी जोड़ो यात्रा निकालेगी। यह यात्रा सहारनपुर से शुरू होगी और सीतापुर के नैमिषारण्य सीतापुर में समाप्त होगी।
वहीं इस यात्रा में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और प्रियंका गांधी के शामिल होने की भी संभावना है। अजय राय ने कहा कि वह 15 दिसंबर को बाबा विश्वनाथ का दर्शन करेंगे और यात्रा का संकल्प लेकर निकलेंगे। इसके बाद यह यात्रा 20 दिसंबर सहारनपुर में मां शाकुंभरी मंदिर से शुरू होगी। इसके बाद बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी होते हुए नैमिषारण्य पहुंचेगी। वहीं यात्रा के दौरान कांग्रेस अपना स्थापना दिवस जनता के बीच में ही मनाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस पद यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा कई प्रदेश में निकाली जा चुकी है। लेकिन यूपी में नगर निगम के चुनाव होने के कारण यहां यात्रा नहीं हो पायी थी। जिसको अब यूपी जोड़ो यात्रा के रूप में निकाला जा रहा है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: जमीन बेचने का झांसा देकर 23 लाख की धोखाधड़ी, पीजीआई थाने में मुकदमा दर्ज
