बरेली: नकटिया से नहीं हटे दलाल, अब डीटीआई के बाहर भी बनाया ठिकाना
कार में सामान लेकर आते हैं बिचौलिए, मनमाने वसूल रहे दाम
बरेली, अमृत विचार। नकटिया में आरटीओ से दलाल तो नहीं हटे, बल्कि अब विकास भवन के पास डीटीआई के बाहर भी सक्रिय हो गए हैं। दलाल कार में फोटो कापी की मशीन से लेकर लैपटाॅप और अन्य सामान लेकर आते हैं और आवेदकों से मनमाने दाम वसूलते हैं। कई आवेदक सीडीओ के पास शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
संभागीय परिवहन विभाग में बिना भागदौड़ के कोई काम आसानी से कराना हो तो दलालों की मदद के बिना संभव नहीं है। नकटिया कार्यालय के बाहर तो लंबे समय से दलाल सक्रिय हैं। कई बार अधिकारी उनके ठिकानों पर बुलडोजर चलवा चुके हैं, लेकिन वह अपनी अवैध दुकानें बंद नहीं कर रहे हैं। विकास भवन के पास बने ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (डीटीआई) के बाहर भी दलालों ने अपनी चलती फिरती दुकानें सजा ली हैं। डीटीआई के मेन गेट के सामने एक कार से आने वाला युवक कार के अंदर ही फोटो कॉपी करने की मशीन से लेकर लैपटाॅप और अन्य सामान लेकर आता है। जो काम आवेदक 20 से 50 रुपये में कैफे पर करा लेंगे, उसके लिए वह दलाल 100 से 150 रुपये तक वसूल रहा है। इसके अलावा एक फोटोकाॅपी कराने के लिए 10 रुपये वसूल रहे हैं। मामला संज्ञान में होने पर भी अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
लर्निंग लाइसेंस के वसूल रहे एक हजार रुपये
सरकार की तरफ से लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए आरटीओ जाने का प्रावधान खत्म कर दिया है। आवेदक घर बैठे ही आनलाइन फीस कटवाकर फेसलेस योजना के तहत अपना लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवा सकते हैं। जिसके बाद लिए बाइक का लाइसेंस की फीस 250 से कार और बाइक के लाइसेंस की फीस 350 रुपये है, लेकिन डीटीआई के बाहर बैठने वाले दलाल एक लाइसेंस बनवाने के नाम पर एक हजार रुपये तक वसूल ले रहे हैं।
बाहर अवैध रूप से खड़े होकर आवेदकों के काम कराने वालों को हटा दिया गया है। अब अगर वह फिर से बैठे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- एमपी सिंह, आरआई टेक्निकल
ये भी पढ़ें- बरेली: चेकिंग...19 वाहनों का चालान, छह बस और ट्रक सीज
