बरेली: परीक्षण 15 दिन बाद... इसलिए जमकर जोर-आजमाइश
बिथरी की ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के परीक्षण से पहले ज्यादातर सदस्य हुए लापता
बरेली/बिथरी, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर की ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमारी के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के परीक्षण के लिए 27 दिसंबर की तारीख तय कर जिला प्रशासन ने दोनों पक्षों को जमकर जूझने और बाजी अपने पक्ष में करने का मौका दे दिया है। दोनों पक्षों की यह जद्दोजहद अभी से नजर आने लगी है। अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान की तारीख की घोषणा होते ही तमाम बीडीसी सदस्य भूमिगत हो गए हैं। माना जा रहा है कि बाकी बचे सदस्य दोनों पक्षों के कब्जे में हैं।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में अविश्वास प्रस्ताव को खारिज करने का डीएम का फैसला रद्द कर दिए जाने के बाद बिथरी ब्लॉक में कुर्सी बचाने और कुर्सी से हटाने की जंग ने फिर तेजी पकड़ ली है। चूंकि भाजपा की प्रमुख के खिलाफ मुहिम शुरू करने वाला दूसरा गुट भी भाजपा से ही जुड़ा हुआ था, इसलिए इस सियासत से पार्टी के संगठनात्मक जिले आंवला में भारी उथलपुथल मची हुई है। पार्टी के बड़े नेताओं को भी प्रमुख की कुर्सी बचाने के लिए जीतोड़ कोशिश करनी पड़ रही है। उधर, भाजपा से निष्कासित नेता विजेंद्र सिंह ने विरोधी गुट का नेतृत्व संभाल रखा है।
इस बीच ज्यादा बीडीसी सदस्य लापता हो गए हैं। कई दिनों से वे न अपने घरों पर हैं न उनके परिवार के लोग उनका सही ठिकाना बता पा रहे हैं। ज्यादातर के तो मोबाइल फोन भी उनके पास नहीं हैं या स्विच ऑफ हैं। उधर, एक-एक दिन गुजरने के साथ दोनों गुटों के बीच जोर-आजमाइश बढ़ती जा रही है। दो दिन पहले अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले विजेंद्र सिंह और उनके सहयोगी दुर्विजय सिंह के खिलाफ थाना बिथरी में एक महिला सदस्य के अपहरण का फर्जी मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।
दस सदस्यों को फोन मिलाया सिर्फ एक से ही हो पाई बात
अमृत विचार की ओर से बुधवार शाम 5.45 बजे से 6.30 बजे तक बीडीसी सदस्यों को कॉल की थी। दढ़िया से बीडीसी सदस्य कुसुम देवी के बेटे ने कॉल रिसीव कर बताया कि उनकी मां रिश्तेदारी में गई हुई हैं। भगवानपुर से बीडीसी सदस्य खातून के देवर ने बताया कि वह कहीं बाहर गई हुईं हैं। कहां, इसकी जानकारी नहीं हैं। भंडसर से बीडीसी सदस्य सरिता का फोन रिसीव ही नहीं हुआ। मल्लहपुर के अर्जुन सिंह का फोन स्विच ऑफ मिला। अडूपुरा के टीकाराम का भी फोन बंद था। मोहरनिया के विजेंद्र सिंह का फोन रिसीव नहीं हुआ। कलापुर के सोमपाल ने फोन रिसीव कर बताया कि वह अपने घर में ही हैं। सैदपुर के मो. आरिफ का फोन भी स्विच ऑफ निकला। दीदार पट्टी के कुरैशा के देवर ने फोन रिसीव किया, बोले- भाभी कहीं गई हुई हैं। सैदपुर से मजीद अली का फोन बंद था। चावड़ की गायत्री देवी के पति ने उन्हें बाहर होना बताया।
ये भी पढ़ें- बरेली: चेकिंग...19 वाहनों का चालान, छह बस और ट्रक सीज
