बरेली: साहब! अधिकारियों ने कागजों में मार दिया...मैं अभी जिंदा हूं
डीएम के सामने पेश हुई एक साल से जिला प्रोबेशन कार्यालय के सरकारी दस्तावेज में मर चुकी दुखिया
बरेली, अमृत विचार। विधवा पेंशन योजना में गड़बड़ियां रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। रामनगर समेत कई ब्लॉकों में अपात्रों को योजनाओं का लाभ दिए जाने के हो चुके खुलासे के बाद अब क्यारा ब्लाॅक से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सरकारी तंत्र की लापरवाही से विधवा पेंशन की पात्र महिला को कागजों में मार दिया गया। यही नहीं, एक साल से उसकी पेंशन भी रोक दी गई। बुधवार को महिला ने डीएम के सामने पेश होकर खुद के जिंदा होने का सुबूत पेश करते हुए व्यवस्था की पोल भी खोली है। मामले में डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
क्यारा ब्लाॅक की सराय तुल्फी मुस्तकिल निवासी दुखिया ने बताया कि 6 अगस्त 2022 से पेंशन अचानक आनी बंद हो गई। काफी समय तक पेंशन आने का इंतजार किया, लेकिन नहीं आने पर जिला प्रोबेशन कार्यालय में जाने पर पता चला कि कागजों में उसे मृतक दिखाकर उसकी पेंशन नंबर 31251041411 को भी बंद किया जा चुका है। उसने कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की, लेकिन कोई मदद नहीं हो सकी। डीएम रविंद्र कुमार को सौंपे गए पत्र में उसने कहा कि वह बेसहारा है। उसकी आय का कोई दूसरा जरिया नहीं है। पेंशन बंद होने से आर्थिक समस्या से जूझ रही है। डीएम ने मामले में जिला प्रोबेशन अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
ब्लॉक और तहसील से सत्यापन के आधार पर योजना के पात्रों के नाम घटाए और बढ़ाए जाते हैं। विभाग के स्तर से कोई लापरवाही नहीं होती है। प्रकरण अभी संज्ञान में नहीं आया है। पत्र मिलते ही मामले की जांच कराकर पीड़िता की मदद की जाएगी- मोनिका राणा, डीपीओ।
ये भी पढ़ें- बरेली: सीएम का आदेश नहीं माना तो डीएम के निर्देश पर क्या हटाएंगे अवैध स्टैंड
