मुरादाबाद : क्राइम कंट्रोल और खेलों में गोल्ड जीत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे अकादमी के घोड़े
डॉ. भीमराव आंबेडकर अकादमी के अश्व मोंटीना, राठौर, रिमझिम ने जीते हैं कई गोल्ड, पुलिस को खेलों में दिलाई विजय
मुरादाबाद, अमृत विचार। घोड़ों का चलन कम होने के बावजूद इनकी उपयोगिता पुराने दौर की तरह बरकरार है। आजादी के संघर्ष में भी इनका योगदान दर्ज है। महाराणा प्रताप का चेतक, रानी लक्ष्मीबाई के बादल और छत्रपति शिवाजी के घोड़े विश्वास को कौन भूल सकता है। पृथ्वी राज चौहान का अश्व नत्यरंभा भी इतिहास में अमर है।
जी हां, राष्ट्रीय अश्व दिवस पर हम चर्चा कर रहे हैं वफादार और सहानुभूतिशील पशु की, जो अपनी विशेषता के लिए जाने जाते हैं। दंगा नियंत्रण, मेला व अन्य भीड़भाड़ वाले मामलों में इनकी सराहनीय भूमिका जगजाहिर है। इनका उत्साह, निर्भीकता का प्रतीक है। घोड़ों के दम पर ही जहां पुलिस क्राइम कंट्रोल करने में सफल होती है, वहीं विभिन्न खेलों में विजेता बनने में यही सहायक हो रहे हैं। इस तरह के कई अश्व यहां डॉ.भीमराव आंबेडकर उप्र पुलिस अकादमी में मौजूद हैं। 1 से 4 दिसंबर तक हुई उप्र राज्य घुड़सवारी पुलिस प्रतियोगिता में मोंटीना, रिमझिम, राठौर समेत कई अश्व ने जलवा बिखेरा।
इनका चयन ऑल इंडिया प्रतियोगिता के खेलों के लिए हुआ है। पहले भी मोंटीना ने प्रदेश की प्रतियोगिताओं में जंपिंग-शो में 10 गोल्ड, सात सिल्वर जीते हैं। छह गोल्ड व आठ सिल्वर राठौर के नाम हैं। गुलाब ने यूपी में चार गोल्ड व छह सिल्वर जीते हैं। रिमझिम ने 4 दिसंबर को हुई यूपी स्तर की प्रतियोगिता में गोल्ड जीत लिया। 45 से भी अधिक गोल्ड जीतने वाले उप निरीक्षक (माउंटेन पुलिस) राज नरेश बताते हैं कि उन्होंने राठौर को तैयार किया है। वह राठौर पर सवार होकर ही खेलों में आने वाली हर चुनौती को जीतते हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यूपी से खेलेंगे 15 पुलिसकर्मी
हैदराबाद में 26 दिसंबर से प्रारंभ हो रही 42वीं ऑल इंडिया घुड़सवारी पुलिस प्रतियोगिता के लिए यूपी से 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इनमें मुरादाबाद, कानपुर, लखनऊ, बरेली व मेरठ जोन की टीम के खिलाड़ी शामिल हैं। 15 सदस्यीय टीम में पांच घुड़सवार केवल मुरादाबाद पुलिस अकादमी से चयनित हुए हैं। प्रतियोगिता में कौन-कौन से अश्व शामिल होंगे, इसका भी निर्धारण हो गया है। ऑल इंडिया प्रतियोगिता को लेकर डॉ. भीमराव आंबेडकर उप्र पुलिस अकादमी में तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता के दिनों में घोड़ों के रखरखाव व उनके आहार के लिए भी बजट मांगा जा रहा है। हैदराबाद के सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में 42वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी प्रतियोगिता एवं पुलिस ड्यूटी मीट-2023 का आयोजन 26 दिसंबर से पांच जनवरी तक होगा।
इन घुड़सवारों व अश्व का हुआ है चयन
मुरादाबाद पुलिस अकादमी से राज नरेश, भगवान सिंह, मुकेश बाबू, वीर सिंह व भारत सिंह चयनित हुए हैं। लखनऊ से पुलिस उपाधीक्षक रजनीश कुमार यादव, मृत्युंजय लोहिया व सत्यम सिंह और कानपुर से अनुज कुमार व मोहित राणा एवं मेरठ से मोहित कुमार, अजय सिंह, कुलदीप, अविनाश कुमार का चयन हुआ है। बरेली जोन से केवल अंकित कुमार का चयन हुआ है। जबकि गुलाब, मोंटीना, राठौर, रिमझिम, अदा, श्रेष्ठ, डायमंड, राजा, भारत, नीलकंठ, फरिस्ता, नगीना, आर्यन अश्व का चयन किया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मंडल में समय की पटरी से उतरीं प्रमुख ट्रेनें, यात्रियों की परेशानी बढ़ी
