मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए श्रीलंका पर दबाव बनाएं केंद्र: सीएम स्टालिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने बृहस्पतिवार को केंद्र से अनुरोध किया कि वह राज्य के मछुआरों की गिरफ्तारी का मामला तुरंत उचित राजनयिक माध्यमों से श्रीलंका के समक्ष उठाए और 45 मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करे। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 13 दिसंबर को छह भारतीय मछुआरों को पकड़े जाने की एक और घटना पर 'गहरा दुख' व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में यह तीसरी ऐसी घटना है। 

स्टालिन ने मछुआरों की 138 नौकाओं को छुड़ाने की भी मांग की। मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को लिखे एक पत्र में कहा, "पुडुकोट्टई जिले के जेगथापट्टिनम बंदरगाह से छह मछुआरे एक नौका में सवार होकर मछली पकड़ने गए थे, लेकिन श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें उनकी नौका के साथ पकड़ लिया।” पत्र की एक प्रति यहां मीडिया को उपलब्ध कराई गई। 

उन्होंने कहा, ‘‘श्रीलंकाई नौसेना ने हमारे मछुआरों के अधिकारों का उल्लंघन करना जारी रखा है और उनकी लगातार गिरफ्तारियों ने मछुआरों की आजीविका को खतरे में डाल दिया।’’ उपरोक्त मछुआरों के अलावा 39 मछुआरे अभी भी श्रीलंका की हिरासत में हैं। 

ये भी पढे़ं- आसन की अवमानना को लेकर कांग्रेस के पांच लोकसभा सदस्य शेष सत्र के लिए निलंबित

 

संबंधित समाचार