अल्मोड़ा: लुधियाना की कंपनी के खिलाफ अल्मोड़ा में मुकदमा दर्ज
अल्मोड़ा, अमृत विचार। पंजाब के लुधियाना की एक कपड़ा कंपनी के खिलाफ अल्मोड़ा कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कपड़ा कंपनी ने अल्मोड़ा के एक व्यापारी से एडवांस लेने के बाद भी उसके द्वारा आर्डर किए गए सामान की आपूर्ति निर्धारित समय पर नहीं की थी, जिससे अल्मोड़ा के व्यापारी को काफी नुकसान उठाना पड़ा।
नगर पांडेखोला निवासी हेमंत कुमार बिष्ट ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि 12 जुलाई को उसने लुधियाना की कंपनी वीएन गारमेंट्स को 416 ब्लेजर का आर्डर दिया था। इसके लिए कंपनी ने एक लाख रुपये एडवांस मांगे। व्यापारी ने कंपनी की तरफ से दिए गए आशा रानी के खाते में यह धनराशि डाल दी। 29 जुलाई को 1.15 लाख रुपये फिर से कंपनी ने अपने खाते में मंगाए।
2.15 लाख रुपये भेजने के बाद भी कंपनी ने ब्लेजर नहीं भेजे। एक माह बाद भी ब्लेजर एक स्कूल को न मिलने से विद्यालय प्रबंधन ने अपना ऑर्डर भी निरस्त दिया। जिससे व्यापारी को काफी नुकसान हुआ। आरोप है कि कंपनी ने पीड़ित का फोन उठाना भी बंद कर दिया। एसएसपी रामचंद्र राजगुरु ने बताया कि कंपनी के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
