प्रतापगढ़: मजदूर का शव घर पहुंचने पर परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इंकार, जानें वजह
प्रतापगढ़। विद्युत लाइन शिफ्टिंग के समय करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार दोपहर शव मृतक के घर पहुंचा। परिजन शव दरवाजे पर रखकर अंतिम संस्कार से इंकार कर दिया। अफसरों के मनाने के बाद भी बात नहीं बनी।
अंतू के गनेशपुर अंतू निवासी अर्जुन वर्मा (25) पुत्र काशीनाथ वर्मा बुधवार को विद्युत उपकेंद्र खैरा गौरबारी में पुरानी लाइन हटाकर नई केबल लाइन जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ा था। इस दौरान वह ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आ गया। वह खंभे से नीचे गिर गया,जिससे गम्भीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए राजा प्रताप बहादुर अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने से मृत घोषित कर दिया था।
मृतक की मां कर्मा देवी की तहरीर पर पुलिस ने आशापुर निवासी चंदन मिश्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचा तो परिजन अपनी मांगों को लेकर शव दरवाजे पर रख कर अंतिम संस्कार से मना कर दिया। पीडित परिजन आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद, अर्जुन की विधवा पत्नी को नौकरी दिए जाने की मांग की।
सूचना पर एसडीएम सदर उदयपाल सिंह,थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने पीडित परिवार को पांच लाख रुपये की सरकारी सहायता व आकस्मिक दुर्घटना के तहत शासन द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि दिलाने के साथ पत्नी को विधवा पेंशन देने का आश्वासन दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओ को निर्देशित किया। परिजन गिरफ्तारी होने व अन्य मांगो को तत्काल पूरा कराने की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से मना कर दिया। थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें -नजीराबाद में एक घंटे के भीतर बदमाशों ने दो लूट की घटनाओं को दिया अंजाम
