रामपुर: शादी की तैयारी धरी रह गई, बरात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा
दूल्हा के भाई के साथ फेरे लेने को राजी नहीं हुई दुल्हन, हाथों में मेहंदी लगाकर दिन भर बरात का दुल्हन ने किया इंतजार
मसवासी, अमृत विचार। चौकी क्षेत्र के गांव कुंदनपुर से बरात की पूर्व संध्या पर गायब हुआ दूल्हा तो दुल्हन पक्ष हक्का-बक्का रह गया। दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों ने दूल्हा के भाई को राजी करने की कोशिश की और उसे दूल्हा बनाने की तैयारी की। लेकिन दुल्हन ने उसके साथ विदा होने से साफ इंकार कर दिया।जिसके बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मामला मसवासी के गांव कुंदनपुर से जुड़ा है। यहां के रहने वाले हरि किशन ने अपने पुत्र मनोज की शादी स्वार थाना क्षेत्र के गांव धनोरी में एक ग्रामीण की बेटी से तय की थी। तयशुदा कार्यक्रम के तहत बुधवार शाम दुल्हन पक्ष के लोग लग्न लेकर आए। गुरुवार की सुबह बरात जानी थी। दोनों परिवारों में जोर-शोर के साथ तैयारी चल रही थी। एक तरफ दुल्हन के परिवार में मेहमानों का आवागमन हो रहा था। गांव के लोग पहले ही भोज कर रहे थे। दूसरी तरफ दूल्हा पक्ष के लोग बरात की तैयारी में थे। इसी दौरान पता चला कि दूल्हा गायब है।
यह बात गांव में आग की तरह फैल गई। इस मामले की जानकारी कुछ ग्रामीणों ने दुल्हन पक्ष को भी दे दी। दुल्हन पक्ष ने इस मामले में दूल्हा पक्ष से संपर्क साधा और बरात लाने की बात की।इसी दौरान बताया गया कि दूल्हा गायब है,तो दुल्हन पक्ष में हड़कंप मच गया। इस मामले की सूचना डायल 112 को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, तो और कुछ ग्रामीण इधर-उधर खड़े होकर उसके गायब होने की चर्चा कर रहे थे। दुल्हन पक्ष के लोग बरात लाने की जिद कर रहे थे। कुछ लोगों ने सलाह दी कि दूल्हे के भाई को दूल्हा बनकर बरात लाई जाए।
इस बात की भनक दुल्हन को लगी तो उसने साफ इंकार कर दिया, तो एक बार फिर दूल्हा और दुल्हन पक्ष की खुशियां खत्म हो गईं। फिर दोनों पक्षों ने फैसला लिया कि एक बार दूल्हे को तलाश किया जाए,दोनों पक्ष इस मामले में राजी हो गए। दोनों पक्ष दूल्हे की तलाश में जुट गए।इसी बीच पता चला कि दूल्हा हरिद्वार पहुंच चुका है,तो एक युवक ने उससे संपर्क साधा और फिर दोनों पक्ष के लोग उसे लेने के लिए कार से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए हैं।
हरिद्वार से दूल्हे के आने का कर रही इंतजार
दुल्हन हरिद्वार से दूल्हे के आने का इंतजार कर रही है। दुल्हन पक्ष उसके आने के इंतजार में पलके बिछाए बैठा है। दूल्हा बरात के दिन अचानक क्यों गायब हुआ इस सवाल का जवाब उसके परिवार वालों के पास भी नहीं है। वह इस सवाल पर चुप्पी साध गए।
गांव में तरह-तरह की हो रहीं चर्चाएं
बरात लेकर जाने से एक दिन पहले दूल्हा के अचानक से गायब हो जाने के जानकारी मिलने के बाद दूल्हे और दुल्हन पक्ष के लोगों में कई प्रकार की चर्चाएं हो रही हैं। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं हालांकि, दूल्हे के अचानक से चले जाने के कोई ठोस बात नहीं बता पा रहा है। दुल्हन पक्ष के लोग भी कुछ बताने को तैयार नहीं हैं।
ये भी पढ़ें- रामपुर: बेगम नूरबानो ने किया लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, दो बार चुनी गईं हैं सांसद
