बहराइच: कपड़े का वैध बिल न मिलने पर पिकअप चालक गिरफ्तार, एसएसबी ने की कार्रवाई
रूपईडीहा/बहराइच, अमृत विचार। भारत-नेपाल सीमा पर शुक्रवार एसएसबी ने पिकअप वाहन से भारतीय कपड़ा बरामद किया है। बिना बिल के कपड़े नेपाल तस्कर द्वारा ले जाया जा रहा था। एसएसबी ने पिकअप वाहन और कपड़े को कस्टम के सुपुर्द कर दिया है। जबकि तस्कर के विरुद्ध पुलिस ने केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
रूपईडीहा में स्थित एसएसबी 42वी वाहिनी के उप कमांडेंट पार्थ सारथी सेन के निर्देशन में सीमा चौकी के जवान सीमा पर पेट्रोलिंग कर रहे थे। भारत नेपाल सीमा पर सहायक उप निरीक्षक समीर घोस, बलराम मंडल, मुख्य आरक्षी राम समुझ यादव, बेदाबर्ट दत्ता, आरक्षी सामान्य विपिन मलिक भारत और नेपाल आने जाने वाले लोगों की जांच कर रहे थे।
सहायक उप निरीक्षक ने बताया कि भारत से नेपाल जा रही पिकअप वाहन संख्या यूपी 40 एटी 4149 को रोक कर जांच की गई तो उसमें 85 नग पैंट शर्ट, 580 नग साड़ी, 1371 में सलवार सूट, 42 नग कपड़े का थान, 5028 नग लेडिस अंडर गारमेंट्स और 42 नग कपड़े का रोल बरामद हुआ।
जवानों ने बरामद कपड़े के कागजात मांगे तो वाहन चालक नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह भारतीय क्षेत्र से नेपाल कपड़े ले जा रहा था। इस पर जवानों ने उसे हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान रुपईडीहा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर कलवारी गांव निवासी आरिफ पुत्र शरीफ अहमद के रूप में हुई है।
सहायक कमांडर ने बताया कि बरामद चार पहिया वाहन और कपड़े को सीज कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है। जबकि आरिफ को रुपईडीहा पुलिस के हवाले किया गया है। प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें: वाराणसी: खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी दूसरी ट्रेलर, उड़े परखच्चे, चालक-खलासी दोनों की हुई मौत, कोहराम
