सुखद संकेत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुनियाभर की अर्थव्यवस्थाएं मंदी जैसी स्थिति का सामना कर रही हैं। वैश्विक चुनौतियों की वजह से तमाम अर्थव्यवस्थाएं संकट का सामना कर रही हैं। लेकिन भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहतर है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को जानकारी दी कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 8  दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 2.82 अरब डॉलर बढ़कर 606.86 अरब डॉलर हो गया।

इससे पहले 11 अगस्त 2023 को भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 600 अरब डॉलर के आंकड़े को पार हुआ था। भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि अर्थव्यवस्था के लिए एक सुखद संकेत है। निसंदेह किसी भी देश की अर्थव्यवस्था में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम योगदान होता है। आमतौर पर विदेशी मुद्रा भंडार को किसी देश के अंतर्राष्ट्रीय निवेश की स्थिति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। भारतीय विदेशी मुद्रा भंडार के महत्व को कम करके आंका नहीं जा सकता, क्योंकि वह देश की मुद्रा और अर्थव्यवस्था की स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विदेशी मुद्रा भंडार का अर्थव्यवस्था पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।

भारतीय विदेशी मुद्रा भंडार में महत्वपूर्ण उतार-चढ़ाव देखा गया है, जो देश की आर्थिक गतिशीलता और वैश्विक वित्तीय स्थितियों को दर्शाता है। देश के आर्थिक परिदृश्य को प्रतिबिंबित करने वाले उतार-चढ़ाव और रुझानों के साथ, भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को समझना आवश्यक है। विदेशी मुद्रा भंडार किसी भी देश के केंद्रीय बैंक द्वारा रखी गई धनराशि या अन्य परिसंपत्तियां है, जिनका उपयोग वह जरुरत पड़ने पर अपनी देनदारियों का भुगतान करने के लिए कर सकता है।

विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि निवेशकों में आत्मविश्वास और ऊर्जा का भी संचार करता है। विदेशी मुद्रा बाजार में अस्थिरता को कम करने के लिए विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि अति आवश्यक थी। विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि से भारतीय रूपए को डॉलर के सापेक्ष मज़बूती भी प्राप्त होती है। शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपये में 27 पैसे की उछाल दर्ज की गई। विदेशी मुद्रा भंडार वाह्य ऋण दायित्वों को पूरा करने में सरकार की सहायता कर सकता है। विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि से सरकार और भारतीय रिजर्व बैंक को देश के आंतरिक और बाह्य वित्तीय मुद्दों का प्रबंधन करने में सहायता मिलेगी।

विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि से वैश्विक निवेशकों का विश्वास बढ़ा है और वे भारत में निवेश के लिए प्रोत्साहित हो सकते हैं। विदेशी मुद्रा भंडार के ऊंचाई पर पहुंचने से भारत को कई लाभ होंगे। अर्थव्यवस्था में सुधार से विदेशी निवेश व निर्यात बढ़ेगा।