लखनऊ: कार सवार हमलावरों ने लॉ छात्र को लात घूसों से पीटा, छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। कार सवार युवकों ने लॉ कॉलेज के छात्र को लात घूसों से पीट दिया। हमलावरों ने पुलिस से घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की कार्रवाई में जुटी है। विभूतिखंड थाने में इन्कलेव कॉलोनी निवासी विजय प्रताप सिंह ने तहरीर दी।

बताया कि वह चिनहट इलाके में संचालित एमिटी यूनिवर्सिटी से लॉ की पढ़ाई कर रहा है। वर्तमान में लाॅ फर्म प्राइम एसोसिएट्स में इंटर्नशिप कर रहा है। गुरुवार देर शाम ऑफिस से घर जाने के लिये निकला था। गेट नंबर एक के समीप पार्किंग स्थल के समीप एक युवक बिना वजह अभद्रता करने लगा।

विरोध करने पर कार सवार आधा दर्जन युवकों को बुला कर घेराबंदी कर लात घूसों से पीट दिया। आसपास के लोगों के आने से जान बच गयी। आरोपी पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुये कार से भाग निकले। मारपीट में छात्र को गंभीर चोटें आईं।

इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार सिंह ने बताया कि छह अज्ञात कार सवारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव बोले-भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान बेहाल

संबंधित समाचार