मुरादाबाद : हिमगिरी कॉलोनी में फायरिंग व बमबाजी में दरोगा के बेटे समेत आठ गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दरोगा के बेटे अभय त्यागी ने लाइन पार में पहले भी की थी बमबाजी, किशोर की हुई थी मौत, अमन ठाकुर भी देशी बम से हमले करने के आरोप में गया था जेल

हिमगिरी कॉलोनी में फायरिंग व बमबाजी में गिरफ्तार आठ अभियुक्तों के बारे में जानकारी देते एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया व सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर

मुरादाबाद। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हिमगिरी कॉलोनी डबल स्टोरी में बुधवार रात फायरिंग और बमबाजी करने के मामले में पुलिस ने दरोगा के बेटे समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर शनिवार को जेल भेज दिया है। इनमें पीएसी में तैनात दरोगा सत्यदेव त्यागी का बेटा अभय त्यागी, ऑफीसर्स कॉलोनी डीएम कंपाउंड के रितिक आनंद व आदित्य चौधरी भी है। इनके अन्य साथियों में अर्पित मदान, आशु चौधरी, प्रशांत उर्फ प्रभाष, नितिन सैनी, आदित्य चौधरी, सुमित भी गिरफ्तार हो गए हैं।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से तीन तमंचा, एक पिस्टल, कारतूस, तीन बाइक व स्कूटी भी बरामद हुई हैं। अभियुक्त अभय त्यागी के विरुद्ध पूर्व में भी सिविल लाइन व मझोला थाने में एक-एक मामला दर्ज किया गया था। यह गैंगस्टर का भी अभियुक्त है। अर्पित के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में दो मामले दर्ज हैं। जबकि, अन्य पांच अभियुक्तों के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में हिमगिरी कॉलोनी में हुए विवाद के संबंध में ही एक-एक मामला दर्ज किया गया है। 

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि 7-8 महीने पहले चुनाव के समय घटना में घायल अंकित पुत्र राजा सिंह के छोटे भाई राज का झगड़ा संजय, अभय त्यागी, अमन और वैभव से हो गया था। जिसकी शिकायत अंकित ने पुलिस में की थी। बाद में दानों पक्षों में आपस में समझौता हो गया था। इसके तीन दिन बाद ही अंकित आदि ने अमन को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी थी। पिटाई का वीडियो भी उन लोगों ने बना लिया था। अमन को शक था कि वीडियो अंकित ने वायरल कर दी है। तभी से अमन अंकित से रंजिश रखने लगा था।

बताया कि घटना वाले दिन मुहल्ला बंगला गांव रतनपाल कॉलेज में विवेक की सगाई थी। इसमें अमन, अभय व उसके साथी भी शामिल हुए थे। तभी अंकित और अमन में बहस हुई थी। इसके बाद अमन ठाकुर, अभय त्यागी और उसके अन्य साथी अलग-अलग बाइकों व स्कूटी से हिमगिरी कॉलोनी अंकित के घर पहुंचे थे। वहीं पहुंचकर उन्होंने फायरिंग की थी। जिसमें अंकित सिंह के पेट, सीने और हाथ में छर्रे लग गए थे। एसपी सिटी ने कहा है कि अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में भी कार्रवाई की जा रही है। फिर इन लोगों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति का भी पता लगाया जाएगा।

नामजद हैं 14 आरोपी, कई अज्ञात की पहचान कर रही पुलिस
नामजद अभियुक्तों में ऑफीसर्स कॉलोनी का अमन ठाकुर, अभय त्यागी व रितिक आनंद और नवीन नगर का अर्पित मदान, आर्यन शर्मा, मणिकांत शर्मा, अर्नव एवं आशियाना का श्रीत शर्मा, पीएसी का संजय गुर्जर, चंद्र नगर का नितिन सैनी नामजद हैं। इनके साथ ही मधुबनी का आशु चौधरी, आरुष, सुमित और कांशीराम नगर का शानू मिश्र भी नामजद हुआ है। इनके अलावा इस सनसनीखेज वारदात में कई अज्ञात भी शामिल किए गए हैं। आरोपी अमन ठाकुर के पिता कमिश्नर कार्यालय में चालक के पद पर तैनात हैं। सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर ने बताया कि घटना करने वालों में कई व्यक्ति अज्ञात हैं, जिनकी पहचान कर उन्हें भी तलाशा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिमगिरी कॉलोनी में हुई घटना में शामिल अमन ठाकुर और अभय त्यागी पहले भी जेल जा चुके हैं। ये दोनों जमानत पर बाहर हैं। अभय त्यागी ने मझोला के लाइन पार में एक किशोर पर बम से हमला कर दिया था। इसमें किशोर घायल हुआ था, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। इसी मामले में अभय जेल भेजा गया था। अमन ठाकुर ने चंद्र नगर में एक घर पर देशी बम से हमला किया था। इस मामले में ये भी जेल भेजा गया था।

जान से मार देने की धमकी देकर भागे थे आरोपी
हिमगिरी कॉलोनी के राजा सिंह की तहरीर पर 14 दिसंबर को सिविल लाइन थाना पुलिस ने जानलेवा हमला व मारपीट और फायरिंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। इसमें 14 नामजद और कई लोग अज्ञात हैं। अंकित सिंह के पिता राजा सिंह का कहना है कि घटना के दौरान वह और उनकी पत्नी सरोज, बेटा राज गुर्जर के साथ भी दबंगों ने धक्का-मुक्की कर मारपीट की। स्थिति अधिक बिगड़ते देख जब मुहल्ले वाले एकजुट होकर आए तो आरोपी उनके बेटे अंकित को जान से मार डालने की धमकी देकर भागे हैं।

ये आरोपी अभी भी हैं फरार
अभी पुलिस की पकड़ से दूर नामजद अभियुक्तों में अमन ठाकुर, आर्यन शर्मा, मणिकांत शर्मा, अर्नव, श्रीत शर्मा, संजय गुर्जर, आरुष, शानू मिश्र हैं। सिविल लाइन थानाध्यक्ष राम प्रसाद शर्मा सभी संबंधित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रहे हैं। उनकी टीम में दरोगा राजवेंद्र कौर, प्रबोध कुमार, बिजेंद्र सिंह, मेघराज सिंह भी शामिल हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को नामजद व प्रकाश में आए कुल आठ अभियुक्तों को उन्होंने सीएल गुप्ता घाट के पास श्मशान घाट से गिरफ्तार किया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : स्कूल आते-जाते छात्रा के साथ छेड़छाड़ से दहशत में आया परिवार, दुगनी उम्र का युवक कर रहा था पीछा 

संबंधित समाचार