Kanpur News: एक और कारीगर सोना लेकर हुआ फरार, आरोपी की आईडी भी निकली फर्जी, पुलिस तलाश में जुटी
कानपुर में एक और कारीगर सोना लेकर फरार हो गया।
कानपुर में एक और कारीगर सोना लेकर फरार हो गया। चौक सर्राफा से करीब 452 ग्राम सोना लेकर कारीगर फरार हो गया। सर्राफा एसोसिएशन के लोगों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कानपुर, अमृत विचार। बेकनगंज से 15 से ज्यादा कारोबारियों का करोड़ों का सोना और डेढ़ करोड़ नकद लेकर भागने के मामले में पुलिस फरार कारीगर संपत लवेटे और महेश मस्के तक पहुंच नहीं सकी थी कि शहर में एक और कारीगर सोना लेकर फरार हो गया।
जिससे कारोबारियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित आनन-फानन सर्राफा एसोसिएशन के साथ कोतवाली थाने पहुंचे और मामले से अवगत कराया। जिससे पुलिस के होश उड़ गए।
पुलिस ने दुकान पहुंचकर अन्य कारीगर और दुकानदार से पूछताछ और जांच पडताल की। बताया गया कि कारीगर तकरबीन साढ़े 30 लाख रुपये कीमत का 452 ग्राम सोना लेकर फरार हुआ है। प्राथमिक जांच में उसकी आईडी फर्जी निकली है।
धोबी मोहाल तिलक पार्क निवासी तापस धन ने कोतवाली थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह एक सर्राफा कारोबारी हैं। उनके यहां सात कारीगर काम करते हैं। बताया कि उन्होंने एक और कारीगर पश्चिम बंगाल के हुगली बागची बाजार निवासी प्रीतम मण्डल को रखा था।
बताया कि 15 दिसंबर दिन शुक्रवार को सुबह छह बजे वह लोग सो रहे थे। तभी प्रीतम ने अपनी दराज और सात कारीगरों की दराज से ताले तोड़कर तकरीबन 30 लाख रुपये का 452 ग्राम सोना चोरी कर फरार हो गया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि जब वह लोग सुबह सोकर उठे तो वह नहीं मिला। सभी दराजें खुली पड़ी हुईं थी। आनन-फानन उसे फोन मिलाया जो बंद था।
दुकान मालिक ने बताया कि आनन-फानन सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आनन-फानन दुकान पहुंचकर अन्य कारीगरों से पूछताछ शुरू की लेकिन कुछ निकलकर सामने नहीं आया।
इस संबंध में एसीपी कोतवाली रंजीत कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर फरार कारीगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना सीसीटीवी में हुई कैद
सोना चोरी करने की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। प्रीतम मण्डल चुपचाप से उठा और अन्य दराजों के पास जाकर ताला तोड़ा और चोरी कर लिया। कुछ मिनट में घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने कपड़े पहने सारा माल इकट्ठा किया जेब में भरा इसके बाद पानी पिया और बिना आहट के दरवाजा खोलकर फरार हो गया। वहीं उसके सामने अन्य कारीगर चादर ओढ़कर सोते रहे।
उत्तर प्रदेश ज्वैलर्स एसोसिएशन पुलिस कमिश्नर से मिले
उत्तर प्रदेश ज्वैलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मुकुल वर्मा और महामंत्री पुष्पेंद्र जायसवाल व अध्यक्ष किशोर सक्सेना ने पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार से मिलकर 30 लाख का सोना लेकर फरार हो जाने के मामले में एक और कारीगर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने अफसर को बताया कि कारोबारी कतई सुरक्षित नहीं हैं। इस मामले में जल्द पुलिस टीम लगाकर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए। उन लोगों ने बताया कि जो आईडी उसने दी थी वो भी फर्जी निकली है। जिस पर अफसर ने एफआईआरदर्ज करने के साथ जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
