प्रयागराज: शुआट्स के PRO के घर पुलिस का छापा, बेटे और भांजे को ले गई साथ
प्रयागराज, अमृत विचार। गैंग रेप के मुकदमे में फरार चल रहे शुआट्स के पीआरओ डा. रमाकांत दुबे के घर पर शनिवार को पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान अभियुक्त वहां नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसके बेटे व भांजे को उठा लिया। दोनों को नैनी थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक हमीरपुर पुलिस की एसओजी टीम को पता चला था कि अभियुक्त रमाकांत दुबे अपने घर गंगोत्रीनगर में है, दबिश देने पर वह पुलिस के हांथ नहीं आया। बताया गया कि हमीरपुर निवासी एक युवती 2005 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक कर रही थी।
उस दौरान रेखा पटेल से उसका संपर्क हुआ था। फिर उसे शुआट्स ले जाया गया। आरोप यह भी है कि नौकरी दिलाने के नाम पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। वर्ष 2014 को उसकी स्टोनोग्राफर के पद पर नियुक्ति की गई और 2018 को उसकी शादी जबरन कटरा निवासी विजय कुमार चौधरी से कराई गई, जो खुद पहले से शादीशुदा था।
युवती की तहरीर पर बीते माह हमीरपुर के विवार थाने में शुआट्स के कुलपति आरबी लाल उर्फ बाबा जी, निदेशक प्रशासन विनोद बी लाल, रेखा पटेल, आइवन दास, प्रो. इम्तियाज अहमद, डा. रमाकांत दुबे, रानू प्रसाद, जहांआरा अहमद, ओम प्रकाश राठी, डेविड फिलिप और सुनील जान के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और मतांतरण समेत कई धाराओं में मुकदमा लिखा गया।
