छत्तीसगढ़: सुकमा में नक्सलियों से मुठभेड़ में CRPF का अधिकारी शहीद, एक कॉन्स्टेबल घायल, CM ने जताया शोक
सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा ज़िले में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में रविवार को केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक अधिकारी शहीद हो गया तथा एक अन्य घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ की 165वीं बटालियन के उप निरीक्षक सुधाकर रेड्डी शहीद हो गए तथा आरक्षक रामू गोली लगने से घायल हो गये।
अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह सात बजे जगरगुंडा थाने के अंतर्गत बेदरे शिविर से सीआरपीएफ की 165वीं बटालियन की कंपनी उर्सांगल गांव की तरफ अभियान पर निकली थी। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने आस-पास के इलाके में अभियान चलाकर चार संदिग्धों को पकड़ा है। अधिकारियों ने बताया कि इलाके में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
छत्तीसगढ़ CM साय ने नक्सल मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर के शहीद होने पर किया शोक व्यक्त
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले में नक्सल मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी के शहीद होने पर गहरा शोक व्यक्त किया हैं। सुकमा जिले के जगरगुंडा में सीआरपीएफ के 165वीं बटालियन की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर सुधाकर रेड्डी आज शहीद हो गए जबकि एक जवान भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
साय ने रेड्डी की शहादत को नमन करते हुए घटना पर गहन शोक व्यक्त किया है।उन्होने पीड़ित परिवार जनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की है।मुख्यमंत्री ने घटना में घायल जवान रामू के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। रामू को उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किया गया है।
ये भी पढ़ें- पटवारी मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त, छत्तीसगढ़ में महंत को विधायक दल का नेता बनाया गया
