Hamirpur Suicide: पत्नी के मायके से न आने पर पति ने लगाई फांसी… मौत, परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल
हमीरपुर में पति ने फांसी लगाकर दी जान।
हमीरपुर में पत्नी के मायके से न आने पर पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। पति पत्नी के विवाद में शनिवार को पुलिस ने शांतिभंग में चालान किया था।
हमीरपुर, अमृत विचार। राठ कोतवाली के मवई गांव में रविवार की तड़के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। बताया जा रहा है कि महिला मायके से नहीं आ रही थी। जिसको लेकर युवक ने ससुराल पहुंचकर हंगामा काटा था।
ससुराल पक्ष के लोगों की शिकायत पर पुलिस युवक को थाने ले आई थी। दोनों पक्षों के बीच समझौता न होने पर पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया था। रविवार की तड़के युवक ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
मवई गांव निवासी शिवकुमार प्रजापति (27) पुत्र सीताराम बाहर रहकर मजदूरी करता था। बताया जाता है कि काफी समय से शिवकुमार और उसकी पत्नी के बीच आपसी विवाद चल रहा था। जिसके चलते शिवकुमार की पत्नी अपने मायके बसेला में आकर रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि करीब तीन दिन पहले शिवकुमार अपनी पत्नी को लिवाने के लिए ससुराल गया था।
जहां पर उसकी पत्नी जाने के लिए राजी नहीं हुई थी। इस बात को लेकर शिवकुमार ने अपनी ससुराल में जमकर हंगामा काटा था। ससुराल पक्ष के लोगों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी तो यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और शिवकुमार को कोतवाली ले आई। कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच समझौता न होने पर पुलिस ने शनिवार को शांति भंग में चालान कर दिया था।
जमानत पर छूटने के बाद शिवकुमार अपने घर पहुंचा और रविवार की तड़के करीब तीन बजे अपने घर में रस्सी से फांसी लगा ली। परिजनों ने जब शिवकुमार को लटका देखा तो हड़कंप मच गया। कोतवाल उमेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक का अपनी पत्नी से विवाद करता रहता था। इसके अलावा वह नशे का आदी था। जिसके चलते उसने फांसी लगा ली।
ये भी पढ़ें- Hamirpur Crime: अदालत के आदेश पर दर्ज कराई पति के मौसेरे भाई पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज
