बरेली: नाली के विवाद में गोली मारकर की हत्या, बिथरी के जसरथपुर गांव में विवाद में दोपहर में हुआ था पथराव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने नामजद सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

बरेली/बिथरी चैनपुर, अमृत विचार : बिथरी चैनपुर के गांव उदयपुर जसरथपुर में नाली निर्माण को लेकर रविवार दोपहर दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें जमकर पथराव हुआ। शाम को इस मामले में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने बेटे की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर नामजद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गांव उदयपुर जसरथपुर निवासी ओमप्रकाश (50) और खेमकरन पड़ोसी हैं। रविवार दोपहर को खेमकरन नाली निर्माण करा रहे थे। इस पर ओमप्रकाश ने विरोध जताते हुए कहा कि नाली का निर्माण सही नहीं हो रहा है। इससे उनकी बुनियाद में पानी जाएगा। इस पर खेमकरन पक्ष ने गालीगलौज की। ओमप्रकाश ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान दोनों पक्षों में पथराव होने लगा। दोनों पक्षों ने थाना बिथरी चेनपुर पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। शाम को ओमप्रकाश कहीं से आ रहे थे।

इसी दौरान खेमकरन के बेटे ढाकनलाल ने ओमप्रकाश पर गोली चला दी। गोली लगते ही ओमप्रकाश घायल होकर जमीन पर गिर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उनको जिला अस्पताल भेजा। जहां डॅाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे सूरज की शिकायत पर बिथरी पुलिस ने खेमकरन, ढाकनलाल, देवी पत्नी ढाकनलाल और विमल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने ढाकनलाल ,विमल और खेमकरन को गिरफ्तार कर लिया है।

 शिकायत पर देते ध्यान तो न होती हत्या: पथराव के बाद दोनों पक्षों ने थाना बिथरी में शिकायती पत्र दिया था, लेकिन पुलिस ने शिकायती पत्र लेकर दोनों पक्षों को जाने दिया। गांव के लोगों ने बताया कि ओमप्रकाश भी शिकायती पत्र देकर वापस आ रहा था। पहले से घात लगाए बैठे ढाकनलाल ने गोली मार दी।

यदि पुलिस तुरंत कार्रवाई करती तो हत्या जैसी वारदात नहीं होती। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि ओमप्रकाश के बेटे सूरजपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ढाकनलाल ,विमल व खेमकरन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नाली के विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।- राहुल भाटी एसपी सिटी

ये भी पढ़ें - बरेली: सीडीओ ने दिया आश्वासन, सुरपसिटी काॅलोनी के बहुरेंगे दिन

संबंधित समाचार