मुरादाबाद : बदले की भावना और वर्चस्व की लड़ाई में तैयार हो रहे युवकों के नए गैंग, महानगर में खुलेआम कानून को दे रहे चुनौती

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

बढ़ता अपराध : 139 गैंग पहले से ही पुलिस डायरी में दर्ज हैं, 650 से अधिक सदस्य हैं पंजीकृत गैंग में

मुरादाबाद, अमृत विचार। पिछले कुछ वर्षों से नवयुवकों में वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। धीरे-धीरे कर इन युवकों का नया गैंग बन रहा है। महानगर में ये लोग आए दिन दंगा-फसाद कर रहे हैं। मझोला, सिविल लाइंस व अन्य थाना क्षेत्रों में गोलीबारी के साथ ही बमबाजी कर चुके हैं। बेखौफ युवकों को कानून का भय नहीं है। स्थिति ये है कि ये लोग वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के आवास के पास भी फायरिंग-बमबाजी करने में कानून का भय नहीं है।

जिले में पहले से ही 139 गैंग पुलिस की डायरी में दर्ज हैं। इनमें करीब 650 से अधिक सदस्य बताए जा रहे हैं। इनमें से डेढ़ सौ से अधिक जेल में हैं। जबकि करीब 70 सदस्य पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इधर कुछ समय से महानगर में आए दिन फायरिंग, बमबाजी और मारपीट की घटनाएं बढ़ी हैं। मझोला क्षेत्र थाना के लाइनपार मंडी समिति के पास पांच जून 2021 की शाम कोतवाली के कंजरी सराय के सतीश कश्यप के बेटे देव कश्यप और उसके दोस्त बीनू और गोलू पर देसी बम से हमला किया गया था। इसमें तीनों दोस्त घायल हुए थे।

देव को दिल्ली रेफर किया गया था, जहां तीन दिन बाद उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में भी अभय त्यागी आरोपी था। पुलिस ने उसे जेल भेजा था। ये वही अभय त्यागी है, जिसके पिता सत्यदेव त्यागी पीएसी में दरोगा हैं। अभय त्यागी को पुलिस ने हिमगिरी कॉलोनी में फायरिंग-बमबाजी में दो दिन पहले ही फिर गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अभय मझोला थाना क्षेत्र में शराफत नगर हड्डी मील कांशीराम नगर का है।

आठ सिंतबर 2023 की रात एसएसपी बंगले के पास युवकों के दो गुटों में मारपीट हुई थी। इसी में फायरिंग और बमबाजी की गई थी। इसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इन सभी घटनाओं से आरोपी या उसके दोस्त या फिर भाई जुड़े हैं। महानगर में यह नया गैंग तेजी से बढ़ रहा है। अमन ठाकुर भी हिमगिरी कॉलोनी में फायरिंग व बमबाजी में नामजद है। इससे पहले भी अमन ने चंद्र नगर में एक घर पर देसी बम से हमला किया था। इस मामले में उसके विरुद्ध कार्रवाई हुई थी।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, अमन भी जमानत पर है। सिविल लाइंस में जिगर कॉलोनी निवासी विवेक बिष्ट ने 18 फरवरी 2021 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें भी अमन ठाकुर नामजद हुआ था। विवेक विष्ट ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि कंटेनर डिपो के बाहर सुधांशु मौर्य, अनुज मेहता, आशीष के साथ शादी समारोह में जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वहां शिवा गुप्ता, शिवम पाल, अर्जुन ठाकुर, अमन ठाकुर, विवेक श्रीवास्तव और अन्य आ गए और जान से मारने की नियत से हमला था। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए थे।

इसी तरह रेलवे हरथला कॉलोनी के भानु प्रताप सैनी ने भी 17 दिसंबर 2022 ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें अमन ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, लव कश्यप, आरुष, पीयूष भटनागर निगम और मोनू राजपूत को आरोपी बनाया था। जिसमें भानु ने बताया था कि वह दोपहर करीब सवा दो बजे मैदान में मौजूद थे। इसी दौरान वहां आरोपी आ गए और उन्होंने बिना किसी बात के गाली-गलौज शुरू कर दी थी। इसके बाद आरोपी देसी बम फेंक कर भाग गए थे।

चार महीने बाद बदला लेने को हिमगिरी में बमबाजी
बताया जा रहा है कि चार महीने पहले आरोपियों से बाइक टकराने को लेकर अंकित के छोटे भाई राज का विवाद हुआ था। वैसे इस विवाद का आरोपियों से समझौता भी हो गया था। लेकिन, आरोपी पक्ष अंकित और उसके भाई राज से रंजिश रखने लगे थे। इसी मामले में 14 दिसंबर की रात उन्हीं आरोपियों ने हिमगिरी कॉलोनी में अंकित के घर पहुंचकर फायरिंग-बमबाजी की। इसमें अंकित को गोली लगी है।

सुर्खियों में महानगर की घटनाएं

  • 14 दिसंबर 2023 : हिमगिरी काॅलोनी में बदला लेने की नियत से फायरिंग-बमबाजी हुई। एक को गोली लगी।
  • 15 सितंबर 2023 : एसएसपी बंगले के पास दो गुटों में मारपीट। फायरिंग-बमबाजी हुई। दो युवक घायल हुए थे।
  • 05 जून 2021 : लाइनपार मंडी समिति के पास बमबाजी। तीन दोस्त घायल हुए थे। कंजरी सराय के देव कश्यप की हुई थी मौत।
  • 17 दिसंबर 2022 : रेलवे हरथला कॉलोनी के भानु प्रताप ने देसी बम फेंकने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

'संबंधित आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर में भी कार्रवाई कर रहे हैं'
हिमगिरी कॉलोनी में जिन लोगों ने फायरिंग की है। वह लोग एसएसपी आवास के पास पूर्व में हुई फायरिंग वाली घटना में नहीं थे। हिमगिरी कॉलोनी में तो बदला लेने की नियत से विवाद हुआ था। इसमें जो भी लोग हैं, हम उनके विरुद्ध कार्रवाई कर रहे हैं। आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भी शीघ्र ही गिरफ्तारी कराई जाएगी। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर में भी कार्रवाई कर रहे हैं। फिर इनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति का भी पता लगाएंगे।- अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बोर्ड परीक्षा में मस्तिष्क को शांत रखकर हल करें गणित के सवाल

संबंधित समाचार