अल्मोड़ा: फिर उठी रोडवेज की बंद पड़ी सेवाओं को बहाल करने की मांग, सीएम को भेजा पत्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी संगठन ने अल्मोड़ा डिपो की बंद पड़ी सेवाओं को फिर से सुचारू करने की मांग उठाई है। संगठन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को एक पत्र भेजा है और इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। 

मुख्यमंत्री धामी को भेजे पत्र में राज्य आंदोलनकारियों ने कहा है कि अल्मोड़ा डिपो में चालकों की कमी के कारण अल्मोड़ा -देहरादून, अल्मोड़ा- लमगड़ा -दिल्ली, अल्मोड़ा-टनकपुर, मासी चौखुटिया- अल्मोड़ा, अल्मोड़ा-बेतालघाट-दिल्ली आदि सेवाएं लंबे समय से ठप हैं। जिस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पत्र में कहा गया है कि लोगों को उम्मीद थी कि राज्य गठन के बाद निगम की सेवाओं का विस्तार होगा। किंतु निगम द्वारा सेवाओं का विस्तार करने के बजाय उत्तर प्रदेश के समय से चल रही बस सेवाओं को भी बंद कर दिया है। राज्य आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री से इन सेवाओं को शुरू करने के साथ ही अल्मोड़ा-रानीखेत-भिकियासैंण-स्याल्दे, अल्मोड़ा-लमगड़ा -जैंती, अल्मोड़ा- भनोली -लोहाघाट -चंपावत, अल्मोड़ा-दन्या -ध्याड़ी-बसौली के लिए भी उत्तराखंड परिवहन निगम की बस सेवाएं प्रारंभ करने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में  ब्रह्मनंद डालाकोटी,  सदस्य जिला पंचायत शिवराज बनौला, बिसंभर पेटशाली, कमलेश पांडे आदि ने हस्ताक्षर किए हैं। 

संबंधित समाचार