रायबरेली: आग से दो भाइयों की गृहस्थी जलकर राख, लाखों का नुकसान, खुले आसमान के नीचे दोनों परिवार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नईन मजरे दहिगवां में अज्ञात कारणों दो भाइयों के आशियानों में आग लग गई। देखते ही देखते दोनों की पूरी गृहस्थी, अनाज, नगदी, जेवरात, बर्तन, कपड़े, कागजात आदि सामान जलकर राख हो गया। अग्नि के कहर से पड़़ रही कड़ाके की ठण्ड में दोनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। आलम यह है कि दोनों के यहां तन पर पहने कपड़ों के सिवा कुछ भी नहीं बचा है।

थाना क्षेत्र के नईन गांव में सायंकाल करीब चार बजे सुधीर कुमार पुत्र सुखई व उसके भाई रोहित के आशियाने में अज्ञात कारणों से आग लग गई। गांव में उस समय अफरा-तफरी एवं चीख पुकार मच गई, जब सुधीर कुमार व उसका भाई रोहित दोनो अपने परिवार के साथ बाहर थे। 

पड़ोस के रहने वाले रामनारायण मिश्र एवं मोहल्ले वालों की चीख पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया जाता दोनों आशियानों में रखी पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो चुकी थी। 
पीड़ित दोनों भाई पिछले आठ वर्षों से गांव में ही घासफूस की झोपड़ी रखकर उसी के नीचे किसी तरह अपने परिवार के साथ जीवन यापन कर रहे थे। दोनों के आशियाने में आग लगने से उनके परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। 

पीड़ित सुधीर कुमार ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लखनऊ में दिहाड़ी मजदूरी करके पत्नी निशा देवी, ढाई साल के बेटे यश और एक साल की बेटी तुलसी का भरण पोषण कर रहे थे। झोपड़ी में आग लगने से बक्से में रखें 15 हजार रुपए, करीब 80 हजार के सोने चांदी के जेवरात, बर्तन, चारपाई, तखत, कपड़े, अनाज आदि सामान जलकर खाक हो गया है। 

वहीं उसके भाई रोहित ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से फैजाबाद में मजदूरी करता था।पाई-पाई जोड़कर 30 हजार रुपए इकट्ठा किए थे। दूसरों के खेतों में लौनी पर धान काटकर नौ बोरी धान इकट्ठा किए थे। दो बोरी गेहूं और राशन था। आग लगने से पूरा अनाज व करीब 70 हजार के सोने चांदी के जेवरात, ओढ़ने, बिछाने एवं पहनने के कपड़े, बर्तन,एक एंड्राइड मोबाइल आदि सामान जलकर खाक हो गया है। 

रोहित पत्नी सुनीता, पांच वर्षीय बेटे ओम और तीन वर्षीय बेटी सोनाली के साथ झोपड़ी में रहता था। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल अनिल चौधरी ने बताया कि दोनो भाइयों के यहां हुए नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी  है।

यह भी पढ़ें;-Allahabad High Court: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद में फैसला सुरक्षित

 

संबंधित समाचार