लखनऊ: पुनरीक्षित वेतनमान समेत कई मागों को लेकर धरने पर बैठे LDA के स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के स्मारक संरक्षक समिति के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी अपने वेतन और अन्य मांगों को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण के गेट नंबर 2 पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कर्मचारियों ने पुनरीक्षित वेतनमान, मृतक आश्रित कोटा, स्थाईकरण व पदोन्नति, सीपीएफ खाता, मेडिकल लीव, दिवाली बोनस समेत अन्य मांगों को लेकर स्मारक समिति लखनऊ के अध्यक्ष से गुहार लगाई। 

बता दें कि एलडीए के स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी स्मारकों, पार्कों और उपवनों में सुरक्षा और संरक्षण का दायित्व निभाते हैं। उनका कहना है कि जब से वह सभी स्मारक संरक्षक समिति में अपनी सेवाएं दे रहे हैं तब से उन्हें 1400 ग्रेड पे पर वेतनमान मिलता है। इतनी महंगाई के दौर में घर चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने आगे बताया कि इस संबंध में मंडलायुक्त ने भी उनकी मांगों को संज्ञान में लेकर आश्वासन दिया था। लेकिन करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। ऐसे में मजबूर होकर कर्मचारियों को अनिश्चितकालीन धरने पर बैठना पड़ रहा है। 

उन्होंने आगे बताया कि करीब 4 हजार स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी हैं। जो 12 सालों से एलडीए के स्मारक संरक्षक समिति के कर्मचारी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा कि हमारी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। बीते 3 महीनों में कई कर्मचारियों की मौत हो गई। ऐसे में उनके परिवार और बच्चों का भरण-पोषण करने में समस्या हो रही है। उनका कहना है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो ऐसे ही सभी कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे रहेंगे।

यह भी पढ़ें;-Allahabad High Court: श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद में फैसला सुरक्षित

संबंधित समाचार