हल्द्वानी: सांसत में सवारियों की जान, दारू पीकर दौड़ा रहा था ऑटो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तिपहिया वाहनों से सफर करने वाले लोगों की जान खतरे में है। ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो और टुकटुक चालकों के खिलाफ अभियान चलाया तो वह नशे में धुत मिला। उसे ऑटो समेत कोतवाली पहुंचा दिया गया। चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में चलने वाले कई ऑटो और ई-रिक्शा के चालान काटे। 

बता दें कि सिंधी चौराहे से लेकर स्टेडियम तिराहे तक ऑटो और ई-रिक्शा के चलने पर पाबंदी है। इसको लेकर सोमवार को यातायात निरीक्षक राकेश माहरा टीम के साथ चेकिंग अभियान पर पहुंचे। इस दौरान काठगोदाम से सवारियां ढोकर बरेली रोड की ओर जा रहे एक ऑटो चालक को रोका गया।

वह शराब के नशे में धुत था। इसके बाद सवारियों को उतार कर दूसरे ऑटो से भेजा गया। ऑटो को सीज किया गया और चालक को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। नशेड़ी चालक के डीएल निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी संभागीय परिवहन विभाग को भेजी गई है। यातायात निरीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान दो तिपहिया वाहनों को सीज किया और कुल 14 चालान किए गए। 

दारू पीकर वाहन चलाने पर 18 वाहन सीज
हल्द्वानी :  परिवहन विभाग ने दो दिनों का विशेष चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की प्रवर्तन टीमों ने अलग-अलग रूट पर चेकिंग की। शाम 6 से रात 11 बजे तक चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में कुल 182 वाहनों के चालान किये गए जिसमें 18 वाहनों का ड्रंक एंड ड्राइव में जबकि 164 वाहनों का अन्य अभियोगों में चालान किया गया।

ड्रंक एंड ड्राइव में चालान किये गए वाहनों को सीज किया गया।  प्रवर्तन टीम में एआरटीओ प्रवर्तन हल्द्वानी रश्मि भट्ट, एआरटीओ ऊधमसिंहनगर वीके सिंह, परिवहन कर अधिकारी नंदन प्रसाद, प्रमोद कर्नाटक, जितेंद्र बहादुर चंद्र, अभिलाष गैरोला, गोविंद सिंह आदि शामिल रहे।

संबंधित समाचार