हल्द्वानी: ट्रंचिंग ग्राउंड का कूड़ा साफ करेगी नई कंपनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापुल के पास ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़े का निस्तारण अब नई कंपनी करेगी। नगर निगम ने इसके लिए टेंडर जारी किया है। पुरानी कंपनी के साथ नगर निगम को अनुबंध तोड़ना पड़ा था। जब से ये ट्रंचिंग ग्राउंड बना है तब से ही यहां से कूड़ा निस्तारण की समस्या अभी तक सुलझ नहीं पाई है। 

गौलापुल के पास बने ट्रंचिंग ग्राउंड में लाखों मीट्रिक टन कचरा जमा हुआ है। कचरे का निस्तारण सुस्त गति होने के चलते नगर के लोगों के लिए समस्या बनी हुई है। नगर निगम ने पूर्व में एक कंपनी के साथ अनुबंध कर ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा कूड़े के निस्तारण के लिए कदम उठाया था लेकिन अनुबंध समाप्त करना पड़ा था। नगर निगम अब नए सिरे से कूड़ा निस्तारण के लिए टेंडर जारी कर रही है। 

नए निविदा के तहत नगर निगम ने 5 करोड़ रुपये से अधिक का टेंडर निकाला है। नए टेंडर में कंपनी को ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा सालों पुराने कचरे को भी ठिकाने लगाना होगा। नए टेंडर के तहत कंपनी को 1 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण करना होगा। जानकारों का कहना है कि ट्रंचिंग ग्राउंड की मौजूदा स्थिति को देखते हुए नई कंपनी के लिए भी काम आसान नहीं होगा। 

ट्रंचिंग ग्राउंड में हल्द्वानी के अलावा रामनगर, भवाली, नैनीताल से भी करीब 400 मीट्रिक टन कचरा पहुंचता है। कूड़े का निस्तारण नहीं होने से गौलापार बाईपास के किनारे कचरे का पहाड़ बनता जा रहा है। पूर्व में ट्रंचिंग ग्राउंड का कचरा हाईवे तक भी पहुंच गया था। नगर निगम ने ये कचरा साफ भी कराया था लेकिन अब फिर से कचरे का निस्तारण न होने के चलते कचरा फिर से हाइवे कि किनारे जमा हो रहा है। 

कूड़े के ढेर में लगती रहती है आग
हल्द्वानी। हाईवे के किनारे स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में आए दिन कूड़े के ढेर में आग लग जाती है, जो कई दिनों तक सुलगती रहती है। इससे पूरे शहर की हवा दूषित होती है, जबकी कई परिवार ट्रंचिंग ग्राउंड के विषैले धुंए से पलायन तक को मजबूर हो गए हैं लेकिन इसके बाद जिम्मेदारो ने ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा कचरे की ढेर की समस्या से लोगों ने निजात नहीं दिला पाए हैं। 

पूर्व में हुए टेंडर से कंपनी ने 1.5 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर दिया है। लीगेसी वेस्ट प्लांट के लिए नई निविदा निकाली गई है, जिसकी पूरी प्रक्रिया एक सप्ताह के अंदर करा ली जाएगी।

-नगर आयुक्त, पंकज उपाध्याय

संबंधित समाचार