गोंडा: अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने साइकिल सवार छात्रा को रौंदा, मौत
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज विधिक कार्रवाई में जुटी पुलिस
उमरीबेगमगंज/गोंडा, अमृत विचार। साइकिल से स्कूल जा रही एक हाईस्कूल की छात्रा को मंगलवार की सुबह एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंद डाला। इस हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के पूरेडाल भटपुरवा गांव के रहने वाले उदयभान शर्मा की बेटी शशि हाईस्कूल की छात्रा थी। मंगलवार की सुबह वह साइकिल से स्कूल जा रही थी। डिक्सिर के बख्खापुरवा गांव के मोड़ पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली ने साइकिल सवार छात्रा को रौंद डाला।
इस हादसे में शशि की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गयी। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गयी तो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाली ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें:-अंबेडकरनगर: अकबरपुर चीनी मिल ने किसानों के खाते में भेजे 12 करोड़ रुपए, अब तक 22 लाख कुंतल गन्ने की हुई पेराई
