रामपुर : ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को मिलेगी विशेष सुविधा, सांसद ने सदन में उठाया मुद्दा
जिला स्तर पर भी पदक के साथ-साथ सम्मान के रूप में धनराशि दिलवाया जाना चाहिए
सांसद घनश्याम सिंह लोधी।
रामपुर, अमृत विचार। लोकसभा सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए संसद सत्र के दौरान सदन में मामला रखते हुए ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को विशेष सुविधाएं देने का अनुरोध किया।
सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाखों युवाओं को लाभान्वित किया है। देश के अधिकांश खिलाड़ी ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं। ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ी अपने गांव या जिले से राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं तक नहीं पहुंच पाते, क्योंकि ग्रामीण स्तर पर खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण गांव स्तर पर ही उनकी प्रतिभा समाप्त हो जाती है।
सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने सरकार से अनुरोध किया कि ग्रामीण स्तर से आने वाले गरीब परिवार के खिलाड़ियों को देश की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए विशेष सुविधाएं दिलवाई जाना जरूरी है। उनको जिला स्तर पर भी पदक के साथ-साथ सम्मान के रूप में धनराशि दिलवाया जाना चाहिए। प्रतियोगिता के दौरान रेलवे व बस में यात्रा करने के लिए छूट दिलवाई जानी चाहिए। जिससे ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक संख्या में खिलाड़ी तैयार हो सकें। देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराता रहे।
ये भी पढ़ें : रामपुर : सभासद पति एवं भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, सोने की चैन भी लूट ली...चार पर रिपोर्ट
