गोंडा: बीमार भाई को किडनी देकर बचाई जान तो पति ने दिया तीन तलाक, रिपोर्ट दर्ज
धानेपुर थाना क्षेत्र के जैतापुर गांव में सामने आया हैरान करने वाला मामला, एसपी के आदेश पर आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
धानेपुर, गोंडा, अमृत विचार। बीमार भाई को किडनी देकर उसकी जान बचाना एक बहन को भारी पड़ गया। किडनी दिए जाने से नाराज महिला के पति ने सऊदी अरब से फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर धानेपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी है। धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पूरे नवल पहड़वा के मजरा बौरियाही की रहने वाली तरन्नुम का निकाह करीब 20 वर्ष पहले बगल गांव जैतापुर के रहने वाले अब्दुल रशीद उर्फ मो राशिद के साथ हुआ था।
बताया जाता है कि इस दौरान दोनों से कोई संतान नहीं हुई। जिस पर तरन्नुम की सहमति से पति राशिद ने दूसरा निकाह भी कर लिया था। कुछ माह पहले तरन्नुम का भाई शाकिर काफी बीमार हुआ और उसकी किडनी खराब हुई तो बहन ने अपने भाई की जिंदगी बचाने के लिए उसे अपनी एक किडनी दान कर दी और भाई की जान बचा ली।
तरन्नुम की गलती सिर्फ यह थी कि उसने इसकी जानकारी सउदी में रह रहे अपने पति राशिद को नहीं दी। इस बात की जानकारी जब पीडिता के पति को हुई तो उसने नाराजगी जताते हुए सउदी अरब से ही फोन पर तरन्नुम को तीन तलाक दे दिया। पति को व्यवहार से हैरान पीड़िता ने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की थी।
एसपी के निर्देश के क्रम में धानेपुर पुलिस ने तरन्नुम की तहरीर पर आरोपी पति अब्दुल रशीद उर्फ मो राशिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। थानाध्यक्ष अंकुर वर्मा ने बताया कि एसपी के आदेश को क्रम मे महिला की शिकायत पर उसके पति अब्दुल रशीद उर्फ मो राशिद निवासी जैतापुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
शिकायत करने पर दी थी जान से मारने की धमकी
पीड़िता तरन्नुम का कहना है कि भाई की किडनी खराब थी। डाक्टर ने कहा था कि किडनी मिले तो उसकी जान बच सकती है। इस पर उसने अपने भाई को किडनी देकर जान बचाने का फैसला किया, लेकिन उसका फैसला उसके पति को नागवार गुजरा और उसने फेन पर उसे तीन तलाक दे दिया।
थाने में शिकायत करने पर उसे जान से मार देने की धमकी दी। आरोप है कि संतान न होने का कारण उसका पति उसे पहले भी ताना मारता था। तरन्नुम का कहना है कि वह पहले थाने पर शिकायत लेकर गयी थी लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी थी। पुलिस ने उसके पति को वापस लौटने पर सुलह समझौता कराने की बात कहकर मामला टाल दिया था। इस पर उसने एसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की।बताया कि पति ने तीन तलाक़ देकर उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: सपा के पूर्व मंत्री के रिश्तेदार समेत 11 लोगों को नगर पालिका ने दी नोटिस, डीएम से मिले पीड़ित
