काशीपुर: एक दशक में काशीपुर में एटीएम से चोरी करने की हो चुकी है छह घटनाएं
काशीपुर, अमृत विचार। बीते एक दशक में एटीएम से चोरी करने के प्रयास की छह घटनाएं हो चुकी है। इन छह घटनाओं में से पुलिस केवल एक ही घटना का खुलासा कर सकी है। इतना ही नहीं एक एटीएम से चोरी के प्रयास के दौरान बदमाशों ने एक गार्ड की गोली मारकर हत्या भी कर दी थी।
बदमाशों ने 4 सितंबर 2013 को बाजपुर रोड द्रोणा सागर के सामने पीएनबी बैंक का एटीएम गैस कटर से काटकर छह लाख रुपए पार कर दिए थे। इस घटना का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर सकी है। वहीं 2 अगस्त 2015 को काशीपुर में आलू फार्म में एक्सिस बैंक का एटीएम काटने का प्रयास किया गया। इस दौरान जब गार्ड ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद बदमाशों द्वारा 22 नवंबर 2019 को काशीपुर के कटोराताल चौकी के पास एसबीआई के एटीएम से चोरी का प्रयास किया गया। 27 सितंबर 2020 को भी चोरों ने बाजपुर रोड पर पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटने का प्रयास किया। चोर एटीएम कक्ष का शटर काटकर अंदर घुसे और मशीन तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मशीन न तोड़ पाने के कारण मशीन से नकदी नहीं निकाल पाए। इसके बाद इसी साल 3 दिसंबर 2023 को चोरों ने रामनगर रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एटीएम मशीन को गैस कटर से काटने का प्रयास किया। लेकिन सायरन बजते ही चोर वहां से भाग खड़े हुए।
बार-बार अनुरोध के बाद भी बैंक कर रहे अनदेखी
काशीपुर। एटीएम में चोरी के प्रयास की घटनाओं के बाद पुलिस बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर उनसे एटीएम में गार्ड की तैनाती करने का अनुरोध कर चुकी है। बावजूद इसके बैंक इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिसके चलते आए दिन एटीएम में चोरी की घटनाएं हो रही है।
रात को बंद हो जाता है एसबीआई का एटीएम
काशीपुर। जिस एसबीआई बैंक के एटीएम को बदमाश उखाड़ कर ले गए वह एटीएम रात करीब आठ से नौ बजे के बीच बंद हो जाता है। बताया जाता है कि इसके बाद वहां कोई गार्ड नहीं होता है। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाया और देर रात घटना को अंजाम दिया।
बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरों में मारा स्प्रे
काशीपुर। बदमाशों ने अपने और वाहन की पहचान न हो सके इसके लिए एटीएम कक्ष के बाहर लगे दो सीसीटीवी कैमरों में काले कलर का स्प्रे मार दिया। लेकिन एटीएम कक्ष में लगे कैमरे में वह कैद हो गए।
