लखनऊ: केवाईसी अपडेट करने का झांसा देकर युवक से धोखाधड़ी, एफआईआर दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। कृष्णानगर कोतवाली में एक युवक ने साइबर अपराधियों के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। पीड़ित का कहना है कि जालसाज ने केवाईसी अपडेट किए जाने का झांसा देते हुए खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए है। वहीं, सरोजनीनगर में एक जालसाज ने एटीएम कार्ड से कई मदों में 35 हजार रुपये लिए है।

प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, बजरंग नगर निवासी गिरीश प्रताप सिंह के मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। फोनकर्ता ने खुद को कस्टमर केयर कर्मी बता बैंक के योनो एप को अपडेट किए जाने का झांसा दिया। फिर केवाईसी कराने की बात कहकर जालसाज ने ओटीपी प्राप्त कर खाते से 50 हजार की रकम खाते से निकाल ली।

मोबाइल पर रुपयों की निकासी का मैसेज आने पर पीड़ित ने कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर कृष्णानगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। वहीं, सरोजनीनगर के कृष्णालोक कॉलोनी फेज-वन निवासी वेद प्रकाश सिंह गत 16 दिसम्बर को स्कूटर इंडिया चौराहे पर एक एटीएम बूथ से रुपये निकाले गए थे।

इसके बाद वह मशीन से कार्ड निकालना भूल गए थे। पीड़ित ने बताया कि कुछ घंटे बाद उनके कार्ड का गलत इस्तेमाल कर खाते से कई मदों में 35 हजार रुपये निकाल लिए गए। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र गिरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें;-प्रतापगढ़: किशोरी को अगवा कर युवक ने बनाया बंधक, तीन दिन तक दुराचार

संबंधित समाचार