Christmas Day 2023: यहां जगमगाएगा शहर का सबसे बड़ा 40 फिट का क्रास… एक जगह से दिखेगा यीशू का पूरा जीवन

कानपुर में क्रिसमस पर रौशनी से नहाएगा द गुड शेपर्ड चर्च।

Christmas Day 2023: यहां जगमगाएगा शहर का सबसे बड़ा 40 फिट का क्रास… एक जगह से दिखेगा यीशू का पूरा जीवन

कानपुर में क्रिसमस पर रौशनी से नहाएगा द गुड शेपर्ड चर्च। 24 और 25 दो दिन विशेष प्रार्थना सभा होगी। सेवा भाव का दिया जाएगा संदेश।

कानपुर, अमृत विचार। गुबा गार्डन स्थित द गुड शेफर्ड चर्च क्रिसमस पर रंगीन रोशनी के साथ लेजर लाइट की अनुपम छटा बिखेरेगा। यहां शहर का सबसे बड़ा क्रॉस बना है, जो 40 फिट का है। क्रिसमस पर चर्च में दो दिन होने वाली विशेष प्रार्थना सभा में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सेवा करने का संदेश दिया जाएगा। 

द गुड शेफर्ड चर्च में इस बार क्रिसमस पर होने वाली सजावट में लेजर लाइट के साथ विशेष झांकी सजाई जा रही है। इस झांकी में प्रभु के जीवन को एक बार में समझा जा सकेगा। झांकी में प्रभु के जन्म की भविष्यवाणी से लेकर पूरी जीवन यात्रा को दर्शाया जाएगा।

चर्च में दो दिन विशेष प्रार्थना सभा में 24 दिसंबर को रात 11 से 12 बजे तक प्रभु की आराधना होगी, जबकि 25 को सुबह दस बजे से अपराह्न एक बजे तक प्रार्थना में समाज सेवा का संदेश दिया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि चर्च में दो फिट का स्टार आकर्षण का केंद्र होगा। यह सितारा जिस दिशा से देखा जाएगा पूरा दिखाई देगा।  

20 फिट का क्रिसमस ट्री

चर्च में इस बार बीस फिट का क्रिसमस ट्री लोगों को आकर्षित करेगा। इस ट्री को दिल्ली से मंगाया गया है। इसकी खासियत यह है कि इसे फोल्ड कर छोटा या बड़ा किया जा सकता है। इस चर्च की स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी।  चर्च निर्माण के लिए श्रद्धालु हनी लता मलिक ने 1996 में अपनी जमीन दान में दी थी। 

24 घंटे अनवरत प्रार्थना

चर्च के बिशप ने बताया कि इस चर्च में बना 40 फिट का क्रॉस शहर के सभी चर्चों में सबसे बड़ा है। क्रास को रंगीन रोशनी से सजाया जाएगा, जो काफी दूर से नजर आएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि यहां 24 घंटे प्रार्थना होती है। श्रद्धालु कभी भी प्रार्थना में शामिल हो सकते हैं। यह प्रार्थना चर्च में वर्ष 2010 से लगातार चल रही है।  

महामारी में बना मसीहा

जीटी रोड के किनारे बना चर्च कोरोनाकाल के दौरान प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बना था। लॉक डाउन में जीटी रोड से निकलने वाले प्रवासी मजदूरों को लगातार भोजन कराने के लिए चर्च ने 24 घंटे रसोई चलाई थी। 

द गुड शेफर्ड चर्च में क्रिसमस पर होने वाले कार्यक्रमों में पूरे शहर से लोग शामिल होने आते हैं। 25 दिसंबर को यहां चार घंटे तक लंगर चलेगा, जिसमें सभी लोग एक साथ भोजन करेंगे।- पंकज राज मलिक, बिशप, द गुड शेफर्ड चर्च

ये भी पढ़ें- Kanpur News: सर्दी शुरू पर रैन बसेरे की हालत नहीं सुधरी… अभी भी खुले में रात बिताने को लोग मजबूर