बरेली: कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, इन लक्षणों के मिलने पर होगी RTPCR जांच
बरेली, अमृत विचार। पहले और दूसरे सीरीज में कोहराम मचाने वाले कोरोना वायरस ने एक बार फिर से दस्तक दे दी है। इस बार कोरोना का नया वैरिएंट सामने आया है, जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने का अल्टीमेट जारी कर दिया है।
केंद्र सरकार ने सभी प्रदेशों के लिए गाइडलाइन जारी कर दी है। यह कोरोना का जेएन-1 वायरस है। दूसरी ओर अभी तक जिले में कोरोना जांच की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। अधिकारियों का कहना हैं कि स्टेट से गाइडलाइन के आधार पर कार्य किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: रंजिशन पिता-पुत्र को दबंगों ने लाठी-डंडों से जमकर पीटा, पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि अलर्ट आते ही जिले के सभी एमओआइसी को हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। बुधवार को सभी की एक तत्काल बैठक भी बुलाई गई, जिसमें विस्तृत गाइडलाइन की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल सभी को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जो भी सांस के मरीज हों उनकी जांच कराई जाए। कोविड लक्षण बालों की भी जांच को कहा गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
गंभीर रूप से खांसी और जुकाम वाले मरीजों की होगी आरटीपीसीआर जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निर्णय लिया है कि अगर जिले में गंभीर रूप से खांसी और जुकाम वाले मरीज मिलते हैं तो उनको हल्के में ना लिया जाए। ऐसे मरीजों की आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। साथ ही बाहर से आने-जाने वाले मरीजों पर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। जिससे वायरस का प्रसार रुक सके।
भारत में आए कोरोना के नए वैरियंट के 21 मामले
शहर में अभी तक कोरोना का नया वैरियंट सामने नहीं आया है, लेकिन 36 से 40 देशों में यह फैल चुका है। भारत में अभी तक इस के 21 नए मामले सामने आए हैं। जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल बरेली में इसका एक भी मामला देखने को नहीं मिला है।
कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर बैठक की गई थी, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की नई गाइडलाइन को फॉलो करने को कहा गया है। गंभीर रुप से खांसी और जुकाम वाले मरीजों की आरटीपीसीआर जांच करने के निर्देश दिए हैं---डॉक्टर प्रशांत रंजन, डीआईओ, जिला अस्पताल बरेली।
यह भी पढ़ें- बरेली: बार चुनाव को लेकर वोटरों में उत्साह, दोपहर तक 47 फीसदी मतदान
