हल्द्वानी: पहले पिता को ठगा, फिर विवाहित बेटी को पड़ोसी ने बनाया शिकार
हल्द्वानी, अमृत विचार। पड़ोस में रहने वाले ने पहले पड़ोसी से लाखों रुपये उधार लेकर हड़प लिए और फिर उसकी विवाहित बेटी को शिकार बनाया। बरगला कर उसके लाखों रुपये कीमत के जेवर गिरवी रखा दिए और रकम हड़प ली। इस मामले में बनभूलपुरा पुलिस ने एसएसपी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लाइन नंबर 17 बनभूलपुरा निवासी उसमान ने पुलिस को बताया कि हिमालया स्कूल गौजाजाली में किराए पर रहने वाले मो. युसूफ व उसकी पत्नी शबाना, उस्मान के पुराने परिचित हैं। आरोप है कि पारिवारिक मजबूरी बताकर आरोपियों ने 4 लाख 30 हजार रुपये लिए और जल्द ही लौटाने का भरोसा दिया था। समय सीमा गुजर जाने के बाद आरोपी टरकाने लगे।
इसी दौरान उनकी पुत्री अर्शी, बिलारी मुरादाबाद स्थित ससुराल से मायके लौटी। बताया कि शबाना और उसके पति ने किच्छा में प्लाट लेने की बात कहते हुए पैसों की कमी का हवाला दिया। अर्शी से उसके जेवर गिरवी रखा दिए और 3 लाख 69 हजार ले लिए। अर्शी ने जब गिरवी रखे जेवर छुड़ाने को कहा तो आरोपी सुलेमान ने शर्त रख दी और यह लिखकर देने को कहा कि उनका पहले का कोई भी लेन देन नहीं है।
आरोप है जेवर गिरवी रखने वाली फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने भी शबाना और उसके पति की शर्त मानने का दबाव बनाना। जिसके बाद पीड़ित एसएसपी से मिले और कार्रवाई की गुहार लगाई। बनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
