Unnao Job Fair: रोजगार मेला में कंपनियों ने परखा हुनर, 287 को मिली नौकरी… खिले चेहरे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में आयोजित रोजगार मेला में 287 को मिली नौकरी।

उन्नाव जिला सेवायोजन कार्यालय व डा. वीरेंद्र स्वरूप ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन्स के संयुक्त तत्वावधान में इंस्टीट्यूशंस के बंथर परिसर में रोजगार मेला आयोजित हुआ।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव जिला सेवायोजन कार्यालय व डा. वीरेंद्र स्वरूप ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशन्स के संयुक्त तत्वावधान में इंस्टीट्यूशंस के बंथर परिसर में रोजगार मेला आयोजित हुआ। इसमें शामिल होने पहुंची कंपनियों के प्रतिनिधियों ने 665 आवेदकों का साक्षात्कार लेते हुए 287 अभ्यर्थियों का उनकी शैक्षिक योग्यता के अनुसार विभिन्न पद पर नियोजन किया।

संस्थान के रजिस्ट्रार देशराज शाहू ने कंपनी प्रतिनिधियों का आभार जताया है। वहीं जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने कहा कि शासन के निर्देश पर हर माह मेला आयोजित कर युवाओं को रोजगार मुहैया कराए जा रहे हैं।

dsds Job Fair News

बता दें कि पहले से निर्धारित रोजगार मेला में साक्षात्कार देने वाले युवाओं का पहुंचना सुबह से ही शुरू हो गया था। वहीं आयोजकों ने भी पहले से पूरी तैयारियां कर रखी थी। मेला में साक्षात्कार लेने पहुंचे कंपनियों के प्रतिनिधियों को बैठने की व्यवस्था कराई गई। इसके बाद शैक्षिक योग्यता के आधार पर आवेदकों का उनकी प्रोफाइल के अनुसार साक्षात्कार के लिए कंपनियों के काउंटरों पर भेजा जाने लगा।

मेला में लाइफ इंश्योरेंस कंपनी की ओर से अभिकर्ता चयन के लिए शिविर लगाया गया। इसके अलावा करियर ब्रिज कौशल समाधान, बुसा मैनेजमेंट मार्केटिंग, संजीवनी आयुर्वेद, ब्राइट फ्यूचर आर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक, पीपल ट्री प्राइवेट लिमिटेड व हाईटेक इंपलायर मैनेजमेंट सर्विस आदि कंपनियों ने 665 आवेदकों का साक्षात्कार लिया।

जिसमें 287 अभ्यर्थियों ने कंपनी अधिकारियों को संतुष्ट कर अपना चयन कराने में सफलता प्राप्त की। साक्षात्कार में शामिल होने के बाद चयन की जानकारी पाते ही अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे। वह कैंपस परिसर से ही मोबाइल पर परिजनों सहित अन्य शुभचिंतकों को अपनी सफलता की जानकारी देते रहे।

साक्षात्कार के चलते संस्थान परिसर में खासी गहमा-गहमी बनी रही। समापन पर संस्थान के रजिस्ट्रार ने बताया कि इस तरह के आयोजनों से निश्चित तौर पर युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है, जिससे सफलताएं उनके कदम चूमती है। जिला सेवायोजन अधिकारी ने सभी के प्रति आभार जताया। मेला आयोजित कराने में संस्थान के निदेशक अजय कुमार गौर व टीपीओ निशांत सिद्दिकी की बड़ी भूमिका रही।

 

संबंधित समाचार