बहराइच: बिना परमिट के रूट पर संचालित मिले तीन बस, सीज, दो बसों का हुआ चालान
बहराइच, अमृत विचार। जिले के विभिन्न मार्गों पर बिना परमिट के प्राइवेट बसों के संचालन की शिकायत कमिश्नर को हुई थी। जिस पर बृहस्पतिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय की टीम ने लखीमपुर और बहराइच मार्ग पर बसों की जांच की। तीन बसों बिना परमिट के संचालित होने पर सीज कर दिया गया है।
शहर के कठाईघाट में प्राइवेट बस स्टैंड संचालित है। यहां से प्रतिदिन लखीमपुर, नानपारा, रुपईडीहा, नवाबगंज, शिवपुर, इमामगंज, इटहा समेत अन्य क्षेत्र के प्राइवेट बसों का संचालन होता है। इसके बाद भी दूसरे जनपद के परमिट पर जिले में बसों के संचालन की शिकायत मिल रही थी। बस यूनियन के पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत कमिश्नर से की थी।
कमिश्नर के निर्देश पर जिलाधिकारी मोनिका रानी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों को बसों की जांच के निर्देश दिए थे। बृहस्पतिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन आप सिंह ने प्रशासन राजीव कुमार के साथ विभिन्न रूट पर संचालित बसों की जांच की।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि खैरीघाट मार्ग पर बसों की जांच में संचालक परमिट नहीं दिखा सके।। उन्होंने बताया कि बिना परमिट के संचालित तीन बसों को सीज कर दिया गया है। इन बसों को नानपारा सब्जी मंडी में खड़ी करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा दो बसों के कागजात अधूरे मिलने पर उसका चालान किया गया है। इस दौरान यात्री मालकर अधिकारी अवध राज गुप्ता समेत पुलिस टीम मौजूद रही।
डग्गामार वाहनों पर भी लगे अंकुश
बहराइच सिसैया मार्ग के बस यूनियन के सदस्य आरिफ बाबा, पप्पू और छेद्दू ने बताया कि सभी सरकार को टैक्स देते हैं। इसके बाद भी जिले के विभिन्न मार्ग पर डग्गामार वाहनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें मोतीपुर, मुर्तिहा, नानपारा और नवाबगंज थाना क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन डग्गामार वाहनों के संचालन पर भी रोक लगाए।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: अराजक तत्वों ने तोड़ा विधायक के नाम का लोकार्पण पत्थर
