...तो ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षकों की नहीं होगी पदोन्नति! नगर के 10 शिक्षकों को मिलेगा प्रमोशन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

विभाग बरत रहा गोपनीयता, सूची अपलोड करने का दावा, संगठन बना रहा आंदोलन की रणनीति 

सुलतानपुर, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय विद्यालयों में लंबे समय से पदोन्नति की बांट जोह रहे जिले के ग्रामीणांचल के शिक्षकों को निराशा हाथ लग सकती है। चल रही विभागीय कवायद में नगर क्षेत्र के 10 शिक्षकों को पदोन्नति मिलेगी। हालांकि, प्रमोशन को लेकर विभाग पूरी तरह गोपनीयता बरत रहा है। वहीं, पदोन्नति मसले पर संगठनों के ढिलमुल रवैसे से शिक्षकों में रोष व्याप्त हैं। 

बेसिक शिक्षा विभाग में 2016 से परिषदीय शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हो सकी है। बीते कुछ दिनों से पदोन्नति को लेकर लगातार शासन स्तर से दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। कई बार निर्धारित समय सीमा भी बढ़ाई गई। विभाग की मानें तो 26 दिसंबर तक पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी कर लेनी है।

कई जिलों में पदोन्नति गतिमान है, लेकिन जिले में इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। विभाग पूरी तरह मामले में गोपनीयता बनाए हुए हैं। शिक्षक संगठनों को भी कोई भनक नहीं लग पा रही है। शिक्षकों के सोशल मीडिया के समूहों पर दिन भर पदोन्नति को लेकर चर्चा परिचर्चा हो रही है। उसमें संगठनों के रवैसे पर पर रोष जताया जा रहा है। 

20 रिक्तियों के सापेक्ष 10 की होगी पदोन्नति 

बीएसए कार्यालय के पटल सहायक खुर्शीद ने बताया कि नगर क्षेत्र की ही पदोन्नति की जाएगी। नगर में 20 रिक्ति है। उसके सापेक्ष 10 शिक्षकों को पदोन्नति की जा रही है। एनआईसी से ईजाद विभागीय पोर्टल पर सूची अपलोड कर दी गई है। 

नगर क्षेत्र में अध्यापकों का टोटा 

नगर क्षेत्र में कुल 29 विद्यालय संचालित है। इसमें लाल डिग्गी राजकीय प्राइमरी है। 21 परिषदीय प्राथमिक, एक उच्च प्राथमिक और छह कंपोजिट विद्यालय संचालित है। जिसमें कुल 17 शिक्षक है। इसमें भी उच्च प्राथमिक स्तर पर दो और प्राइमरी स्तर पर 15 शिक्षक है। इसमें चार हेडमास्टर है। बचे हुए 11 में 10 की पदोन्नति करके उन्हें प्राथमिक का हेडमास्टर बना दिया जाएगा तो ज्यादातर विद्यालय सहायक अध्यापक विहीन हो जाएंगे। नगर क्षेत्र के विद्यालयों का संचालन 38 शिक्षामित्रों के ऊपर टीका है। 

शिक्षक संगठन करेगा आंदोलन 

प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पांडेय ने बताया कि शिक्षकों की पदोन्नति के बारे में कुछ पता नहीं है। बीएसए की तबियत खराब बताई जा रही है, जिस वजह से वे 26 दिसंबर तक छुट्टी पर है। खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय अरविंद बहादुर ने बताया कि रिक्तियां गोपनीय रखी गई है। उन्होंने बताया कि अन्य जनपदों में पदोन्नति की जा रही है। यहां पर शिथिलता बरती जा रही है। निर्धारित समय में पदोन्नति नहीं की जा तो संघर्ष किया जाएगा।

वहीं, संघ के महामंत्री दिनेश उपाध्याय ने बताया कि बीते दिनों बीएसए से वार्ता हुई थी उन्होंने जूनियर स्तर पर 383 रिक्ति की बात कही थी। प्राइमरी में हेडमास्टर की रिक्ति नहीं है। टेट व नानटेट की समस्या बता रही थी। शुक्रवार को ही संगठन की ओर से बीएसए को पत्र दिया जाएगा। 

पदोन्नति प्रक्रिया शासनादेश के अनुसार गतिमान है। 20 रिक्ति के सापेक्ष 10 शिक्षकों की पदोन्नति की जा रही है। सूची अपलोड कर दी गई है। जल्द ही काउंसलिंग बुलाई जाएगी..., दीपिका चतुर्वेदी, बीएसए सुलतानपुर।

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: सरकारी कर्मचारी काम न करने का वेतन लेते हैं..., पूर्व विधायक की पोस्ट हुई वायरल, शुरू हुई चर्चा

संबंधित समाचार