अमेठी: डीसीएम-फॉर्च्यूनर की आमने-सामने हुई भिड़ंत, बाइक सवार की मौत
अमेठी, अमृत विचार। गुरुवार की देर रात प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर डीसीएम और फॉर्च्यूनर कार की आमने सामने से टकरा गई। दोनों गाड़ियों के बीच में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
रामगंज थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज हाइवे स्थित ओद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी के पास लक्जरी कार फार्च्यूनर और डीसीएम आमने सामने से एक दूसरे में टकरा गई। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के धौरहरा सोनपुर गांव का रहने वाला महेश यादव चाय की दुकान चलाता है। देर रात महेश दुकान बंद कर बाइक से घर के लिए निकला था।
महेश बाइक से हाइवे पर चढ़ा ही था कि सुल्तानपुर की तरफ से आ रही फार्च्यूनर कार और प्रयागराज की तरफ से आ रही डीसीएम के बीच आ गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के बीच में आने से महेश की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं डीसीएम की टक्कर से फार्च्यूनर के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही रामगंज चौकी प्रभारी धीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को हाइवे से हटाकर किनारे करवाया तब जाकर यातायात सुचारू रूप से चल सका। वहीं घटना को लेकर रामगंज थाना प्रभारी पंकज द्विवेदी ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।बमामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-गोंडा: शिक्षक MLC ने दी अफसरों को चेतावनी- शिक्षक राष्ट्र निर्माता, उसके साथ खराब व्यवहार स्वीकार नहीं
