देश भर में चल रहा बच्चों के अधिकारों को सुनिश्चित कराने का अभियान: गोमती मनोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

.बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर लगा शिविर, पहुंचीं राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार गोमती

संभल/बबराला, अमृत विचार। बाल अधिकारों के संरक्षण को लेकर आयोजित हुए शिविर में राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार गोमती मनोचा की मौजूदगी में 1390 में से 452 आवेदनों का मौके पर निस्तारण किया गया। बच्चों को चश्मा, कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए। शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगे।

बबराला के एक बैंक्वेट ग्राउंड में आकांक्षी ब्लॉक गुन्नौर और असमोली क्षेत्र के बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए शिविर लगा का शुभारंभ राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार गोमती मनोचा, सिविल जज पीयूष मूलचंदानी और चेयरमैन हर्ष वर्धन वार्ष्णेय आदि ने दीप प्रज्वलित करके किया।

रजिस्ट्रार गोमती मनोचा ने कहा कि राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की बैंच संपूर्ण भारत में बालक-बालिकाओं के अधिकारों सुनिश्चित कराने के लिए कार्यक्रम आयोजित कराकर मौके पर ही स्थानीय विभागीय अधिकारियों के माध्यम से उन्हें लाभान्वित करा रही है। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से 1390 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 452 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया और शेष प्रकरणों में फीडबैक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। शिविर में 10 पंजीकरण केंद्र और  विभिन्न विभागों के 23 स्टॉल लगे।

बच्चों को वितरित किए चश्मे और कृत्रिम उपकरण
बबराला अमृत विचार : शिविर में राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत कमजोर दृष्टि के 60 बच्चों को चश्मे, 30 बच्चों को दिव्यांगता उपकरण, 12 बच्चों को कृत्रिम सहायक उपकरण वितरित किए गए। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 50 कुपोषित बच्चों को पोषण किट और 100 एनिमिक किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं। बाल सेवा योजना में 954 पात्र लाभार्थी लाभान्वित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की विशेषज्ञ सपना यादव, स्वास्थ्य सलाहकार सुशील कुमार, सीडीओ कमलेश सचान, एडीएम प्रदीप वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश चंद्र, सीओ आलोक सिद्धू, चेयरमैन हर्ष वर्धन वार्ष्णेय और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। खंड विकास अधिकारी नरेश पाल सिंह ने आभार व्यक्त किया। संचालन सीडीपीओ रचना यादव ने किया।

बच्चों को अधिकार दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध
बबराला,अमृत विचार : राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग की रजिस्ट्रार गोमती मनोचा ने अमृत विचार से बातचीत में कहा कि भारत सरकार बालक-बालिकाओं के अधिकारों एवं उनको प्रदत्त की जाने वाले वाली सुविधाओं को सुनिश्चित कराने के प्रति संवेदनशील है। एनसीपीसीआर की बैंच इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित कर बालक-बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू श्रम, स्वास्थ्य सुविधाएं, आधार कार्ड, बैंक खाता, उत्पीड़न, हिंसा, विद्यालयों से संबंधित समस्याएं, दिव्यांगता, बाल श्रम और भिक्षावृत्ति जैसी शिकायतों का निस्तारण कराते हुए बच्चों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी लाभार्थी परक योजनाओं से संतृप्त कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें:- संभल : 'लोकतंत्र की हत्या बंद करो', सांसदों की बर्खास्तगी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

संबंधित समाचार