बहराइच: मायके फोन कर दी धमकी, फिर पति ने गला दबाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जनपद के चाकूजोत गडरियनपुरवा गांव निवासी एक महिला का रात में पति से पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद हुआ। इससे नाराज पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मायके के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टपार्टम के लिए भेज दिया है।

रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चाकू जोत के मजरा गडरियनपुरवा निवासी सीता देवी (35) पत्नी चंदा का शनिवार रात को पारिवारिक मामलों को लेकर पति से विवाद हुआ। विवाद के बाद महिला बच्चों को लेकर अलग कमरे में लेट गई। इससे पति काफी नाराज हो गया। उसने महिला की जमकर पिटाई की। 

इसके बाद महिला के घर फोन कर जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद पति चंदा ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मां के मौत की सूचना पाकर बच्चे रोने लगे। सभी ने अपने मामा को घटना की सूचना दी। 

मायके से मृतक महिला का भाई मनोज कुमार अन्य लोगों के साथ पहुंचा। भाई ने थाने में तहरीर देकर गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक आरती वर्मा ने बताया कि महिला की आपसी विवाद में गला दबाकर हत्या की बात सामने आ रही है। केस दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बच्चों का रो रो कर बुरा हाल 
चाकूजोत गांव निवासी महिला सीता देवी का विवाह 20 वर्ष पूर्व हुआ था। मृत महिला के चार बच्चे हैं। मां की मौत से बच्चों का रो रो कर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: दिल्ली विश्व विद्यालय से बर्खास्त किए गए प्रोफेसरों के पक्ष में प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

 

संबंधित समाचार