एक माह तक अस्पताल रहें अलर्ट, अयोध्या में बोले ब्रजेश पाठक- आरक्षित किए जाएं 300 बेड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आसपास के जिलों के अस्पतालों को तैयार रहने के दिए निर्देश

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा जाए। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए एक महीने तक के लिए जिले के अस्पतालों में 300 बेड आरक्षित कर लिए जाएं। ये निर्देश शनिवार को उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दिए। वो रामकथा संग्रहालय में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। कहा कि तैयारियों के लिए एक बार प्रयागराज के कुंभ की स्वास्थ्य सेवाओं की रिपोर्ट का भी अध्ययन कर लिया जाए।

उन्होंने कहा कि एमआरआई और ह्दय रोगियों के लिए कैथ लैब की सुविधाएं देने के लिए निजी संस्थाओं से करार किया जाए। स्वास्थ्य मंत्री ने अयोध्या में स्थित विभिन्न चिकित्सालयों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कहा कि हम सभी पर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अयोध्या आने वाले विशिष्ट जनों, श्रद्वालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का दायित्व है। अस्पतालों की कमियों को सुधारने की चेतावनी भी दी।

प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सरथी सेन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही तैयारियों आदि के संबंध में जानकारी दी। मंडलायुक्त गौरव दयाल और जिलाधिकारी नितीश कुमार ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न बिन्दुओं के संबंध में अवगत कराया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव चंपत राय ने ट्रस्ट द्वारा की जा रही स्वास्थ्य संबंधी तैयारियों के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता के साथ जयपुरिया स्कूल गए। जहां उन्होंने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों के साथ-साथ जिले के विकास कार्यों को लेकर मंथन किया।

इससे पहले दोपहर में एक बजे के करीब अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व सदस्य ने उनका सम्मान किया। बैठक में मेयर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक, ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. दीपा त्यागी, अपर निदेशक स्वास्थ्य सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

आईएमए चलाएगा ओपीडी, निजी अस्पतालों में बेड होंगे आरक्षित

समारोह के दौरान सरकारी ही नहीं बल्कि निजी चिकित्सालयों की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए आईएमए अध्यक्ष डॉ. मंजूषा पांडेय ने बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक को भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान आईएमए चार-चार डॉक्टरों की ओपीडी चालू करने पर विचार कर रहा है। साथ ही निजी चिकित्सालयों में भी बेड आरक्षित किया जाएगा। इस पर डिप्टी सीएम ने एसोसिएशन की सराहना भी की।

15 जनवरी तक मेडिकल कॉलेज के नए भवन को करें शुरू 

 राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज पर भी रिपोर्ट मांगने पर अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 200 बेड का नया भवन तैयार हो गया है। इस पर डिप्टी सीएम ने उसे 15 जनवरी तक हर हाल में चालू करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त चिकित्सकों की भी ड्यूटी लगाई जा रही हैं। 60 से 70 एबुंलेंस की तैनाती के लिए अनुबंध किया जाएगा।

कोरोना से चिंता की बात नहीं 

कोरोना के नए वैरिएंट जेएन-1 को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने आश्वास्त किया है। उन्होंने कहा कि अभी चिंता की कोई बात नहीं है। कोरोना का नया वैरिएंट केवल सर्दी-जुकाम और बुखार तक ही सीमित है। हर स्थिति से निपटने के लिए हम तैयार हैं। अभी कोई खतरा नहीं है। हमने एडवांस में एडवाइजरी जारी की है। 

मरीजों को लखनऊ तक पहुंचाने की होगी व्यवस्था

बैठक के बाद मंडलायुक्त गौरव दयाल ने बताया कि अस्पतालों में सारी सुविधाएं उपलब्ध हैं। समारोह को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग में रिक्त पदों को भर दिया गया है। किसी भी गंभीर मरीजों को लखनऊ के अस्पतालों में पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। बैठक में लखनऊ और बाराबंकी से भी चिकित्साधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बनाएं अस्थाई अस्पताल

समारोह को देखते हुए जिले के अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने काउंटर व दवाएं बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर अस्थाई अस्पताल भी बनाए जाएं। अस्पतालों में सेवाएं देने के लिए निजी चिकित्सकों से एक माह 15 जनवरी से 15 फरवरी तक के लिए अनुबंध किया जाएगा। इसके अलावा लखनऊ के लोहिया अस्पताल व मेडिकल कॉलेज की ड्यटी भी लगाई जाएगी।

यह भी पढ़ें:-अब अयोध्या के लिए Air India की भी फ्लाइट, जानिए कब से शुरू होगी सर्विस और कितना है किराया

संबंधित समाचार