नैनीताल: बिना होटल बुकिंग के पहुंचे लोगों को उठानी पड़ी फजीहत
नैनीताल, अमृत विचार। रविवार को भारी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंचे। बिना होटल बुकिंग के पहुंचे लोगों को फजीहत भी उठानी पड़ी। शनिवार को भी होटल नहीं मिलने से कई लोगों ने पार्किंग में अपनी गाड़ियों में ही रात गुजारी तो वहीं रविवार को भी लोग सुबह से ही होटलों की तलाश में जुटे हुए थे लेकिन फिर वही निराशा उनके हाथ लगी।
हालांकि प्रशासन ने शनिवार दोपहर बाद ही बिना पार्किंग वालों को रूसी बाईपास पर ही रोकना शुरू कर दिया था लेकिन उसके बावजूद टैक्सी व बसों से काफी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंचे। वहीं एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया कि क्रिसमस व थर्टीफर्स्ट पर यातयात व्यवस्था व किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए बाहर से भी पुलिस बुलाई गई है।
रूसी पर गाड़ियों को रोककर होटल की बुकिंग होने के बाद ही गाड़ियों को प्रवेश दिया जा रहा है अन्यथा शटल के माध्यम से भेजने की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए दोपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। यात्रियों की सुरक्षा व यातायात सुचारू रखने के लिए सभी पर्यटन स्थलों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।
गुनगुनी धूप में सरोवर नगरी का उठाया लुत्फ
नगर की सभी पार्किंग फुल हो जाने के बाद प्रशासन ने रविवार को रूसी बाईपास नारायण नगर व भवाली मस्जिद तिराहे पर गाड़ियों को रोकना शुरू कर दिया था। वहां से शटल के माध्यम से लोगों को शहर में भेजा गया, जिसके चलते सैलानियों को नगर भ्रमण के दौरान कम दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रविवार को नगर में सुबह से गुनगुनी धूप में सैलानियों ने नैनीझील में नौकायन का लुत्फ उठाया तो बारापत्थर क्षेत्र में घुड़सवारी की तथा रोपवे से व हिमालय दर्शन क्षेत्र से नैनीताल की सुंदरता को अपने कैमरों में कैद किया। पंत पार्क भोटिया मार्किट व मॉल रोड से जमकर खरीदारी की जिससे व्यवसायियों के चेहरे पर रौनक देखने को मिली।
