हरदोई : पुलिस की पिटाई के बाद सारी रात लॉकअप में बंद रहा बैंक कैशियर
एएसपी पूर्वी ने कहा अभद्रता किए पर की गई धारा 151 की कार्रवाई
हरदोई, अमृत विचार। बैंक ऑफ इंडिया के कैशियर की बुरी तरह पिटाई करने के बाद उसे सारी रात लॉकअप में बंद रखे जाने और फिर अगले दिन मेडिकल कराए बगैर उसका चालान किए जाने का मामला सुर्खियों में है। वहीं इस बारे में एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार का कहना है कि लोगों से अभद्रता किए जाने की सूचना पर वहां पहुंची पुलिस के साथ भी अभद्रता की थी,जिस पर धारा 151 के तहत चालान किया गया।
बताया गया है कि कोतवाली शहर के कौशलपुरी निवासी शैलेन्द्र शर्मा बैंक ऑफ इंडिया में कैशियर है। शैलेन्द्र शर्मा का कहना है कि वे अपनी कार से घर लौट रहे थे। उसी बीच कोतवाली शहर के पीछे रह रहे कांस्टेबिल की बाइक रास्ते में खड़ी थी,उसे हटाने की बात पर कांस्टेबिल उससे उलझ गया और कोतवाली से अपने साथियों को बुला लाया,सभी उसे कोतवाली खींच ले गए। इस बीच बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीय बेटी बीच में आई तो उसे पीट दिया। शैलेन्द्र शर्मा के मुताबिक उसे कोतवाली ले जा कर डंडे और पटे से काफी बुरी तरह से पीटा, जिससे उसके काफी चोंटे आई है। सारी रात लॉकअप में बंद रखने के बाद अगले दिन बगैर मेडिकल कराए उसका चालान कर दिया। इस बारे में एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया है कि पुलिस को सूचना दी गई थी कि शैलेन्द्र शर्मा कुछ लोगों से अभद्रता कर रहा है, पुलिस वहां पहुंची तो उसने पुलिस के साथ भी अभद्रता की। इसी आरोप में उसका धारा 151 के तहत चालान किया गया है।
ये भी पढ़ें -राजन इंटरनेशनल एकेडमी की दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता में रेड हाउस का रहा दबदबा
