अब क्यूआर कोड को स्कैन कर यात्री ले सकेंगे रेल टिकट, लाइन लगने से मिलेगी निजात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ अमृत विचार। रेल पैसेजरों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों को अब रेल टिकट के लिए कतारों में नहीं लगना पड़ेगा। मोबाइल से यूटीएस एप के माध्यम से टिकट बुक करा सकेंगे। अब स्टेशनों पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन कर यात्री आसानी से टिकट प्राप्त कर सकेंगे ।
पूर्वोत्तर रेलवे के 146 स्टेशनों पर क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है। 24 स्टेशनों पर कुल 75 जनसाधारण टिकट बुकिंग सेवक की सुविधा उपलब्ध है। इसी प्रकार 261 स्टेशनों पर 297 स्टेशन टिकट बुकिंग एजेंटों का प्रावधान किया गया है।
ऐसे ही अनारक्षित टिकट के लिए 74 स्टेशनों पर 107 आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें (एटीवीएम) लगाई गईं है। पूर्वोत्तर रेलवे के 35 केंद्रों पर यात्री टिकट सुविधा केंद्र खोले गए हैं। वहीं दूसरी ओर रिजर्वेशन करवाकर सफर करने वाले पैसेंजरों के लिए 197 केन्द्रों पर कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण टिकट की सुविधा दी गई है। इनमें 112 केन्द्रों पर स्वतंत्र रूप से पीआरएस है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जनरल बोगियों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ, वाराणसी,इज्जतनगर मंडल के 308 स्टेशनों पर अनारक्षित टिकट प्रणाली (यूटीएस) लगाई गई हैं। इससे यात्रियों को टिकट के लिए कतारों में नहीं लगना पड़ेगा। मोबाइल से यूटीएस ऐप के माध्यम से टिकट की सुविधा दी जायेगी ।

संबंधित समाचार