हल्द्वानी: नगर निगम के अभियानों का कब्जेदारों पर नहीं असर
हल्द्वानी, गौरव तिवारी, अमृत विचार। शहर की सड़कों व बाजार में नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था लेकिन अभियान खत्म होते ही कुछ दिनों बाद फिर से दुकानदार उसी स्थान पर अतिक्रमण कर रहे हैं। शहर की बाजारों व सड़कों में अतिक्रमणकारियों का बोलबाला है। बाजार की सड़कों में बड़े दुकानदारों के समान व फड़-ठेल सजे हुए मिल जाएंगे। जहां आमजनों का निकलना दूभर हो जाता है।
कब्जेदारों को भी पता है कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के बाद फिर उन्हें कब्जा करने से कोई रोकने-टोकने वाला नहीं है। रविवार को अमृत विचार की टीम जब सड़कों व बाजार की पड़ताल की तो नगर निगम का अतिक्रमण अभियान हवा-हवाई ही साबित हुआ है। अब नगर निगम ने कालाढूंगी रोड पर अभियान चलाने की बात कही है। पुराने अभियानों को देखकर लग रहा है कि ये भी हवा-हवाई ही साबित होगा।
दृश्य-1
कालू सिद्ध मंदिर के सामने वाले बाजार में बीते नवंबर माह में नगर निगम की टीम जब बाजार की सड़कों से अतिक्रमण हटाने पहुंची तो स्थानीय दुकानदारों ने निगम की टीम को बंधक बना लिया था। दुकानदारों के विरोध के चलते निगम टीम को बिना कार्रवाई किए वापस लौटना पड़ा था। मौजूदा समय में बाजार की सड़कों में बड़े दुकानदार और फड़-ठेले वाले पूरी सड़क पर अतिक्रमण किया हुआ है। बाजार में दो पहिया वाहन का निकलना तो दूर, लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
दृश्य-2
डेढ़ साल पहले कॉलटैक्स से पनचक्की चौराहा तक नगर निगम व प्रशासन ने मिलकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। उस समय कई अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी दिए थे। कुछ दिन तक अभियान का असर भी दिखा था लेकिन बाद में इस सड़क के दोनों ओर फिर से अतिक्रमण हो गया। नहर कवरिंग के बाद जब से इस सड़क को चौड़ा किया गया तो दोनों ही ओर टाइल्स लगाकर फुटपाथ बनाया गया। फुटपाथ पर अतिक्रमण की वजह से पैदल राहगीर भी मुख्य सड़क पर ही चलने को मजबूर हैं। फुटपाथ को पूरी तरह से कब्जा लिया गया है। एक बड़ी कंपनी के रिटेल सेंटर ने बाहर ही जेनरेटर भी लगा रखा है।
दृश्य-3
कारखाना बाजार में भी दुकानदार अपना सामान सड़क तक फैलाए हुए है। इसी के साथ फड़ व ठेले भी बेतरतीब लगे रहते हैं। इससे जाम की स्थिति हर वक्त बनी रहती है। इस बाजार में स्टेशनरी, कपड़ा सहित अन्य जरूरी सामानों की दुकाने हैं। सड़क तक दुकानें लगने से यहां पर भी लोगों का चलना-फिरना मुश्किल हो गया है। नगर निगम ने यहां पर भी पूर्व में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया था लेकिन फिर से काराखाना बाजार में अतिक्रमण करके दुकानें लगने लगी हैं।
पहले चरण में अतिक्रमण के खिलाफ आगामी 26 दिसंबर को अभियान चलाकर सड़कों व फुटपाथों से अतिक्रण हटाने की कार्रवाई पूरी की जाएगी। दूसरे चरण में 29 दिसंबर को संपूर्ण बाजार क्षेत्र से अतिक्रमण हाटाने अभियान शुरू होगा। नगर निगम पूर्व में ही अतिक्रमण के खिलाफ चेतावनी जारी कर चुका है।
-पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त
