रामपुर : दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को जलाने का प्रयास, 11 पर रिपोर्ट दर्ज
रामपुर,अमृत विचार। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को जलाकर मारने का प्रयास किया। महिला से मारपीट करने के दौरान उसके पेट में पल रहा बच्चा भी मर गया। पीड़िता ने गंज थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने पति सहित आठ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला घेर बाज खां निवासी नूरसबा का कहना है कि उसका निकाह सात दिसंबर 2019 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार इसी थाना क्षेत्र के शुतरखाना निवासी शावेज से हुई थी। शादी के कुछ समय के बाद ही ससुरालियों ने उससे दहेज की मांग कर दी। ससुराली महिला को मारने की साजिश करते रहते थे। 14 जून 2023 रात आठ बजे महिला के ससुराल वालों ने उसके कपड़ों पर आग लगा दी। जिससे महिला का हाथ और गला जल गया। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग आ गए और किसी तरह से आग को बुझाया गया।
महिला उसके बाद भी सब कुछ सहन करती रही। इस दौरान महिला गर्भवती हो गई। 25 जुलाई 2023 को फिर से ससुराल वालों ने महिला को पीट दिया। गाली देते हुए उसको घर से भगा दिया। ससुराल वालों के कहने पर महिला के पति ने उसको तलाक दे दिया। जब महिला ने डाक्टर को दिखाया,तो पता चला कि उसके पेट में पल रहा बच्चा मर गया है। यह सुनकर उसके होश उड़ गए। उसके बाद महिला मायके आ गई। जहां उसने सारा मामला बताया। तहरीर के आधार पर गंज थाने की पुलिस ने आरोपी पति शावेज, गुलनाज,अकरम, नाजिया, मुशतुबा,शमनाज, शाहिद, मेहनाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: राजधानी, देहरादून एक्सप्रेस सहित 20 ट्रेन में लेट, यात्री परेशान
