बरेली: सेटेलाइट पर विवाद के बाद पथराव, पुलिस से मारपीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सेटेलाइट तिराहा के पास लघुशंका करने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ, जिसमें एक पक्ष के दो लोगों का सिर फट गया। दूसरे पक्ष के दर्जनों लोगों ने मौके पर पहुंचकर चाय की दुकान में तोड़फोड़ की और दुकानदार की कार के शीशे तोड़ दिए। बचाने पहुंचे चीता मोबाइल पर तैनात सिपाहियों के साथ भी मारपीट की। सिपाहियों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस जीप में बैठा दिया तो उसे खींचकर मारने की कोशिश की। एक पक्ष के युवक ने बचाने पहुंचे सिपाही पर ही तमाम आरोप मढ़ दिए।

सेटेलाइट पर सीएनजी पंप के सामने चाय की दुकान है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बुधवार रात 10 बजे बिथरी चैनपुर के गांव का युवक अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। उनमें से एक युवक पेशाब करने के लिए बाबू के चाय के खोखे के पीछे पहुंचा। चाय वाले ने मना किया तो कहासुनी होने लगी। इसी बीच दुकान पर काम करने वाले एक युवक ने मना करने वाले युवक के थप्पड़ मार दिया। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने युवक के सिर में डंडा मार दिया। उसका और उसके एक साथी का सिर फट गया। 

सूचना पर चीता पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। दोनों पुलिस कर्मियों ने चाय की दुकान पर काम करने वाले लड़कों को और युवक के साथियों को पकड़ लिया और थाने में सूचना कर दी। इसी बीच एक युवक छूटकर भाग गया। थाने की जीप में युवक को बैठाने पर युवक के लोगों ने उसे वहां पर भी पीटा। सूचना पर थाना बारादरी और इज्जतनगर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद युवकों को थाने ले जाया गया।

पुलिस जीप से उतारने का किया प्रयास
सेटेलाइट पुलिस चौकी पर युवक के साथ के दर्जनों लोग पहुंच गए। वहां पुलिस जीप में दुकानदार पक्ष का युवक बैठा था। पुलिस जैसे ही युवक को थाने लेकर चली। उसी बीच दूसरे पक्ष के लोगों ने पुलिस जीप से युवक को उतारने कर मारने की कोशिश की। युवक के साथियों ने मीडिया कर्मियों के मोबाइल भी छीनने के प्रयास किए। लोग सड़क पर बैठ गए और जाम लगाने की कोशिश की। वहीं युवक एक सिपाही पर आरोपी को छुड़ाने का आरोप लगाने लगे। चाय की दुकान पर भी तोड़फोड़ की और बाबू की कार को भी तोड़ दिया।

सिपाही न होते तो जा सकती थी जान
चीता पर तैनात सिपाही दिपांशु और उनके साथी ने विवाद के दौरान काफी साहस दिखाया, नहीं तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी। इंस्पेक्टर अपराध बारादरी ने बताया कि युवक पक्ष से तहरीर ली जा रही है। यदि दूसरा पक्ष तहरीर देगा तो उसकी तहरीर पर भी रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: रात नौ बजे से ही घना कोहरा, अभी दो दिन और छाया रहेगा

 

 

संबंधित समाचार